वाशिंगटन, 19 फरवरी (आईएएनएस)। व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ राइनस प्रीबस ने अमेरिकी लोगों को सलाह दी है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जब मीडिया की आलोचना करते हैं और उसे ‘शत्रु’ बताते हैं तो इसे ‘गंभीरता’ से लें।
प्रीबस ने शनिवार को सीबीएस न्यूज से एक साक्षात्कार में कहा, “इसे लेकर बहस हो रही है कि राष्ट्रपति को कब गंभीरता से लिया जाए। मुझे लगता है कि हर किसी को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।”
उनसे पूछा गया था कि प्रेस को ‘अमेरिकी लोगों के शत्रु’ बताने वाले ट्रंप के ट्वीट को कितनी गंभीरता से लिया जाए?
प्रीबस ने कहा, “हम बकवास खबरों के बारे में बात कर रहे हैं, जिनमें से एक ‘न्यूयार्क टाइम्स’ में छपी कि हम लगातार रूसी अधिकारियों के संपर्क में हैं। अगले दिन ‘वाल स्ट्रीट जर्नल’ में खबर छपी कि खुफिया अधिकारी राष्ट्रपति को पूरी जानकारी नहीं दे रहे हैं। दोनों खबरें पूरी तरह गलत हैं, इनमें बातों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया, यह पूरी तरह से कचरा है।”
चीफ ऑफ स्टाफ ने यह कहते हुए प्रेस पर हमला जारी रखा कि इसकी वजह से ‘अमेरिकी लोग परेशान होते हैं।’
मीडिया को पहले ही ‘बेईमान’ बता चुके ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि ‘फर्जी खबरों’ वाली मीडिया ‘अमेरिकी लोगों के शत्रु’ हैं।
dharmpath.com dharmpath