नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के गोल्फ खिलाड़ी ब्रेट रमफोर्ड ने सोमवार को हीरो इंडियन ओपन में खेलने की पुष्टि कर दी है। इस आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने रविवार को हांडा वर्ल्ड सुपर सिक्स टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है।
रमफोर्ड काफी दिनों से चोट से जूझ रहे थे। इस टूर्नामेंट को जीतकर उन्होंने शानदार वापसी की है।
इस जीत के बाद उन्होंने रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। वह पहले 274वें स्थान पर थे लेकिन इस जीत के बाद वह 133वें स्थान पर आ गए हैं।
रमफोर्ड नौ से 12 मार्च तक चलने वाले हीरो इंडियन में अब शीर्ष-100 में वापसी करने की कोशिश करेंगे। रमफोर्ड ने आखिरी बार 2013 में यूरोपियन टूर का खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने उस समय बालाटाइन और वीवो चीन ओपन के दो लगातार खिताब अपने नाम किया था।
वह इससे पहले भी भारत में गोल्फ टूर्नामेंटों में हिस्सा ले चुके हैं। 2014 में हुए टूर्नामेंटों में वह सिर्फ एक में ही शीर्ष-10 में जगह बना पाए थे। 2015 में दक्षिण अफ्रीका में वह बीमार पड़ गए थे। 2016 में वह अपना यूरोपियन टूर कार्ड खो बैठे थे।
उनका इस टूर्नामेंट में कुल स्कोर 17 अंडर 199 रहा। रमफोर्ड आने वाले इंडियन ओपन में विश्व के तमाम बड़े खिलाड़ियों को चुनौती देते नजर आएंगे। उन्हें सबसे बड़ी चुनौती विश्व के 25वें नंबर के खिलाड़ी काब्रेरा-बेला से मिलने की उम्मीद है।
dharmpath.com dharmpath