फीफा विश्व कप-2018 की सेल्स एजेंसी चुनी गई कटिंग एज इवेंट्स

नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। भारत की इवेंट्स कंपनी-कटिंग एज को फीफा विश्व कप-2018 की सेल्स एजेंसी चुना गया है।

कंटिंग एज ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। कटिंग एज के अध्यक्ष मयंक खंडवाला ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले साल रूस में होने वाले विश्व कप में भारत से कम से कम 2000 लोग उड़ान भरेंगे और कटिंग एज द्वारा प्रदान की जानी वाली सेवाओं का आनंद लेंगे।

कंपनी ने इससे पहले फीफा विश्व कप-2010 तथा 2014 में भी काम किया है। इसके अलावा आईसीसी विश्व कप 2011 और 2015 में काम करने का अनुभव भी उसके पास है।

मयंक ने कहा कि बीते छह-सात वर्षो में प्रशंसकों की संख्या बढ़ी है और अब भारत से भी अधिक से अधिक लोग आरामदायक लॉज और विशेष दीर्घा में बैठकर विश्व कप के रोमांचक मैचों का लुत्फ लेने के लिए पैसे खर्च करने के लिए तैयार हैं।

मयंक ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “अगर हम 2010 और 2014 में हुए विश्व कप की तुलना करें तो ब्राजील में 2014 में प्रशंसकों की तदाद 10 गुना बढ़ी है। इसलिए इस बार हमें आने वाले संस्करण में इसी तरह के जुनून की उम्मीद है।”

उन्होंने कहा, “कटिंग एज भारत में फीफा विश्व कप-2018 के आधिकारिक हॉस्पीटेलिटी कार्यक्रम का सेल्स एजेंट बनकर खुशी महसूस कर रहा है।”

उन्होंने कहा, “हम विश्व के सबसे पसंदीदा फुटबाल टूर्नामेंट को भारतीय प्रशंसकों के करीब लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम लोगों को अलग तीरके से टिकट प्रदान करेंगे जिसमें हॉस्पीटेलिटी पैकेज भी शामिल होगा।”

विश्व कप-2018 का आयोजन रूस के 12 शहरों में होना है। इसके लिए आयोजन सम्बंधी तैयारियां तेजी से जारी हैं और हाल ही में फीफा ने कहा है कि रूस समय रहते सारी तैयारियां पूरी कर लेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493