पुणे टेस्ट : हार की कगार पर भारत (लीड-1)

पुणे, 25 फरवरी (आईएएनएस)। अपने घर में बीते साल से अपराजित चल रही भारतीय टीम महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में हार की कगार पर खड़ी दिख रही है।

आस्ट्रेलिया द्वारा घर में तीसरा सबसे बड़ा 441 रनों का लक्ष्य मिलने के बाद मेजबानों ने तीसरे दिन शनिवार को चायकाल तक अपने छह विकेट महज 99 रनों पर ही गंवा दिए हैं।

दिन के दूसरे सत्र का खेल खत्म होने चक चेतेश्वर पुजारा 31 रन बनाकर खेल रहे थे। आस्ट्रेलिया को जीतने के लिए बचे ढाई दिन में चार विकेट चाहिए तो भारत को जीतने के लिए अभी भी 342 रन बनाने हैं। पहली पारी में छह विकेट लेने वाले स्टीव ओकीफ ने अभी तक इस पारी में पांच बल्लेबाजों को आउट किया है।

भारत ने दिन के पहले सत्र में आस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 285 रनों पर समाप्त कर दी थी। इसके बाद दूसरे सत्र में अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी मेजबान टीम को 10 के कुल स्कोर पर पहला झटका लगा। पहली पारी में भारत का बोरिया बिस्तर बांधने वाले ओकीफ ने सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (2) को पगबाधा आउट कर दिया।

टीम के खाते में छह रन ही जुड़े थे कि दूसरे सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (10) को नाथन लॉयन ने अपना शिकार बनाया। कप्तान विराट कोहली (13) पर एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी आ गई थी। लेकिन कप्तान इस बार टीम को संकट से बाहर निकाल नहीं सके। ओकीफ की गेंद को छोड़ने के चक्कर में कोहली अपनी गिल्लियां उखड़वा बैठे। कोहली 47 के कुल स्कोर पर आउट हुए।

पुजारा और अंजिक्य रहाणे की जोड़ी जमती दिख रही थी। लेकिन रहाणे ओकीफ की गेंद को कवर्स के पास से सीमारेखा के पार भेजने के चक्कर में लॉयन के हाथों लपके गए।

रविचंद्रन अश्विन (8) को भी ओकीफ ने अपना शिकार बनाया। ओकीफ ने अश्विन को आउट कर इस मैच में अपने 10 विकेट पूरे किए। चायकाल से ठीक पहले ओकीफ ने रिद्धिमान साहा (5) को पगाबाधा कर भारत को छठा झटका दिया। यह उनका इस पारी का पांचवां विकेट था।

इससे पहले स्मिथ ने बल्लेबाजों के लिए मुसीबत बनी इस पिच पर भारतीय स्पिन तिकड़ी अश्विन, रवींद्र जडेजा और जयंत यादव का अच्छे से सामने किया और अपनी टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उन्होंने अपनी पारी में 202 गेंदें खेलते हुए 11 चौके लगाए। वह जडेजा की गेंद पर 246 के कुल स्कोर पर पगबाधा करार दे दिए गए। यह उनका भारत के खिलाफ लगातार पांचवां शतक है। 2014-15 में खेली गई चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला में स्मिथ ने चारों मैचों में शतक जड़े थे।

स्मिथ के जाने से पहले आस्ट्रेलियाई टीम ने मिशेल मार्श (31) और मैथ्यू वेड (20) के रूप में दो और विकेट खो दिए थे। अपने दूसरे दिन के स्कोर चार विकेट पर 143 रनों से आग खेलने उतरी मेहमान टीम को दिन का पहला झटका मिशेल के रूप में लगा। वह 169 के कुल स्कोर पर जडेजा की गेंद पर विकेट के पीछे रिद्धिमान साहा के हाथों लपके गए।

204 के कुल स्कोर पर वेड, उमेश यादव का शिकार बने। स्मिथ को जडेजा ने आउट कर आस्ट्रेलिया को दिन का तीसरा और पारी का सातवां झटका दिया। मिशेल स्टार्क ने 30 रनों का अहम योगदान दिया। वह 258 के कुल स्कोर पर अश्विन का शिकार बने। यादव ने लॉयन को पगबाधा कर आस्ट्रेलिया को नौवां झटका दिया। ओकीफ को जडेजा ने आउट कर आस्ट्रेलिया की पारी का अंत किया।

इससे पहले आस्ट्रेलिया ने भारत को पहली पारी में 105 रनों पर ढेर करते हुए पहली पारी के आधार पर 155 रनों की बढ़त ले ली थी। भारत की तरफ से राहुल ही 64 रनों का सर्वाधिक योगदान दे पाए थे।

आस्ट्रेलिया ने मेट रेनशॉ (68) और स्टार्क (61) की मदद से अपनी पहली पारी में 260 रन बनाए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493