काबुल, 25 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान में अफगानिस्तान के राजदूत उमर जखीलवाल ने उम्मीद जताई है कि पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान के बीच सीमा को शनिवार को आंशिक तौर पर फिर से खोल दिया जाएगा।
समाचार एजेंसी खामा प्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जखीलवाल ने कहा है कि अफगानिस्तान के अधिकारियों को उम्मीद है कि आगामी तीन से चार दिनों के भीतर यात्रा मार्गो को पूरी तरह खोल दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग, मरीज तथा बच्चे शनिवार को यात्रा करेंगे और जो लोग पाकिस्तान में हैं, वे अफगानिस्तान लौटने में सक्षम होंगे।
उन्होंने अफगानी लोगों से अनुरोध किया है कि जब यात्रा मार्ग एक बार पूरी तरह खुल जाए, तो वे वीजा सहित समस्त दस्तावेज के साथ यात्रा करें।
सिंध प्रांत के सेहवान कस्बे में शहबाज कलंदर दरगाह पर 15 फरवरी को भीषण आतंकवादी हमले के बाद सुरक्षा चिंता के मद्देनजर, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान सीमा से लगती तुर्खम व चमन क्रॉसिंग प्वाइंट को बंद कर दिया था। हमले में 88 लोग मारे गए थे।
पाकिस्तान ने हमले का आरोप अफगानिस्तान में मौजूद आतंकवादियों पर लगाया है। पाकिस्तान में हालिया आतंकवादी हमलों की जिम्मेदारी पाकिस्तानी तालिबान के जमात-उल-अहरार समूह ने ली है।
बीते 10 दिनों तक मार्गो के बंद रहने के बाद भी पाकिस्तान में आतंकवादी घटनाओं का सिलसिला जारी है।
dharmpath.com dharmpath