गोपी, मोनिका ने जीती आईडीबीआई दिल्ली मैराथन

नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। थोनाकल गोपी और मोनिका अथारे ने रविवार को आयोजित आईडीबीआई फेडरल लाइफ इंश्योरेंस नई दिल्ली मैराथन में खिताबी जीत हासिल की है।

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू हुए मैराथन केपुरुष वर्ग का खिताब गोपी ने और महिला वर्ग का खिताब मोनिका ने जीता।

गोपी ने दो घंटे 15 मिनट और 37 सेकेंड में रेस पूरी की। पुरुष वर्ग में दूसरे स्थान पर रहे बहादुर सिंह धौनी ने दो घंटे 16 मिनट नौ सेकेंड और तीसरे स्थान पर रहे संजीत लुवांग ने दो घंटे 17 मिनट और 20 सेकेंड में फिनिश लाइन पार की।

मैराथन जीतने के बाद गोपी ने कहा, “मैं इस खिताबी जीत से खुश हूं। मैं और धौनी शुरुआत से साथ में दौड़ रहे थे और 25 किलोमीटर तक साथ थे। यह 2017 में मेरी पहली मैराथन जीत है।”

भविष्य की योजनाओं के बारे में गोपी ने कहा, “अब मैं जून में एशियाई चैम्पियनशिप की तैयारी करूंगा और इसके साथ ही खुद को लंदन मैराथन के लिए भी तैयार करूंगा।”

मैराथन के महिला वर्ग की विजेता मोनिका ने दो घंटे 39 मिनट और आठ सेकेंड में रेस पूरी की। दूसरे स्थान हासिल करने वाली ज्योति ग्वाते ने दो घंटे 53 मिनट और 48 सेकेंड और तीसरा स्थान पाने वालीं रंजन कुमारी ने तीन घंटे आठ मिनट और चार सेकेंड में रेस पूरी की।

आईडीबीआई मैराथन की हाफ मैराथन श्रेणी के पुरुष वर्ग में जी. लक्ष्मणन ने जीत हासिल की, वहीं अर्पिता सिंह ने महिला वर्ग का खिताब जीता।

दिल्ली मैराथन में मुख्य आकषर्ण का केंद्र रहे भारत के दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने कहा, “इस बार दिल्ली मैराथन की सबसे सकारात्मक बात यह रही कि इसमें हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों में कहीं अधिक जुनून और जोश दिखा तथा उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली का प्रचार किया। दिल्ली के लोगों में काफी उत्साह है।”

सचिन ने कहा कि इस मैराथन में हिस्सा लेने वाले व्हीलचेयर पर आश्रित बच्चों की क्षमता को सलाम है। उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड तोड़े और यह सच में प्रेरणादायक है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493