नैरोबी, 27 फरवरी (आईएएनएस)। टोक्यो मैराथन विजेता केन्याई एथलीट विल्सन किपसांग भले ही पिछले सप्ताह विश्व रिकॉर्ड बनाने से चूक गए हों, लेकिन उनके इस शानदार प्रदर्शन ने उनकी नजर 2020 में जापान में होने वाले ओलम्पिक खेलों पर टिका दी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, 34 वर्षीय एथलीट उम्र को अपने लक्ष्य के बीच में नहीं आने देंगे और अगले ओलम्पिक खेलों में अपने स्वर्ण पदक के सपने को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
लंदन ओलम्पिक में किपसांग ने कांस्य पदक जीता था, लेकिन बीजिंग विश्व चैंपियनशिप में प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पाने की वजह से उन्हें रियो ओलम्पिक में शामिल नहीं किया गया।
उन्होंने अब फिर से स्वयं को तैयार किया है। बीते दिनों उन्होंने टोक्यो में जीत हासिल की, बर्लिन में रजत पदक अपने नाम किया और लंदन में आयोजित मैराथन में भी रजत पदक जीता है।
किपसांग ने सोमवार को कहा, “मैं 2020 ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लेने के लिए आशावादी हूं। यह एक लंबा रास्ता है, लेकिन मैं इस रास्ते को तय करना चाहता हूं।”
मैराथन के पूर्व विश्व रिकॉर्ड धारक किपसांग को आशा है कि टोक्यो में उनके प्रदर्शन को ध्यान में रखकर केन्याई चयनकर्ता उन्हें इस साल अगस्त में होने वाली लंदन विश्व चैम्पियनशिप के लिए टीम में शामिल करेंगे।
dharmpath.com dharmpath