ट्रंप ने कंसास हत्याकांड की निंदा की

वाशिंगटन, 1 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कंसास में एक भारतीय इंजीनियर की गोली मार कर हत्या किए जाने की निंदा की है।

कैपिटल हिल में मंगलवार रात कांग्रेस के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनका देश ‘नफरत व बुराई’ की निंदा करता है।

उन्होंने नस्लीय और पूर्वाग्रह से जुड़े अपराधों का संदर्भ देते हुए कांग्रेस के अपने पहले बहुप्रतीक्षित संबोधन में कहा, “पिछले सप्ताह कंसास में हुई गोलीबारी हमें याद दिलाती है कि भले ही नीतियों के संदर्भ में हमारे मत अलग-अलग हों, पर सभी प्रकार की नफरत व बुराई की निंदा को लेकर हम एक साथ खड़े हैं।”

ट्रंप ने पिछले सप्ताह कंसास गोलीबारी में भारतीय इंजीनियर श्रीनिवास कुचिभोटला की हत्या की निंदा के साथ-साथ यहूदी संस्थाओं को दी जाने वाली धमकियों तथा उनके कब्रिस्तानों को नुकसान पहुंचाने की भी निंदा की।

ट्रंप ने नस्लवाद तथा विभिन्न प्रकार के पूर्वाग्रहों को लेकर असंवेदनशील होने के अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के आरोपों से खुद का बचाव करते हुए कहा, “हमें नागरिक अधिकारों को लेकर हमारे देश की सोच याद है और इस दिशा में अब भी काम हो रहा है।”

उन्होंने कहा, “हर अमेरिकी पीढ़ी सच, स्वतंत्रता व न्याय की मशाल बिना थके, बिना रुके अगली पीढ़ी तक पहुंचाती रही है। यह मशाल अब हमारे हाथों में है और हम इसका इस्तेमाल दुनिया में प्रकाश फैलाने के लिए करेंगे। आज रात मैं यहां एकजुटता व ताकत का संदेश देने के लिए हूं और यह संदेश मेरे दिल की गहराइयों से है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493