भारतीय यू-17 फुटबाल टीम के कोच नियुक्त किए गए डी माटोस

नई दिल्ली, 1 मार्च (आईएएनएस)। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने इसी वर्ष भारत की मेजबानी में होने वाले फीफा यू-17 विश्व कप के मद्देनजर बुधवार को लुइस नॉर्टन डी माटोस को भारतीय अंडर-17 फुटबाल टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया।

एआईएफएफ की सलाहकार समिति और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के बाद पुर्तगाल वासी माटोस मंगलवार को एआईएफएफ के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल से मिलने मुंबई पहुंचे।

प्रफुल्ल पटेल ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है, “माटोस को भारतीय टीम का कोच नियुक्त करना खुशी की बात है। युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने का उनका अनुभव हमारी अंडर-17 टीम के लिए फायदेमंद होगा। हम अंडर-17 विश्व कप में अपनी सबसे मजबूत टीम उतारने के लिए तैयारियों में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखना चाहते।”

पटेल ने कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि वह हमारे युवा खिलाड़ियों का इस तरह मार्गदर्शन करेंगे कि वे यू-17 विश्व कप में मजबूत प्रदर्शन करें।”

माटोस अपने देश पुर्तगाल में अनेक क्लबों के मैनेजर रह चुके हैं। इसके अलावा वह 2010 से 2012 के बीच गिनी बिसाऊ की राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच भी रहे।

भारतीय युवा टीम का मुख्य कोच नियुक्त किए जाने पर 63 वर्षीय माटोस ने कहा, “मेरी भूमिका खिलाड़ियों को हर भूमिका के लिए तैयार करना होगा। मैं एआईएफएफ के विजन की सराहना करता हूं और फीफा यू-17 विश्व कप भारत में फुटबाल के विकास की शुरुआत का काम करेगा। देश को कुछ विशेष योगदान देने के लिए खिलाड़ियों को खुद में विश्वास बनाए रखने की जरूरत है।”

माटोस ने कहा, “भारत के साथ मेरा संबंध पहले से रहा है। मेरे दादा का जन्म गोवा में हुआ था। पिछले दो वर्षो से भारतीय फुटबाल में आए सकारात्मक माहौल को मैं कायम रखूंगा और भविष्य के लिए काम करूंगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493