बेंगलुरू टेस्ट : पुजारा, रहाणे डटे, भारत को 126 रनों की बढ़त

बेंगलुरू, 6 मार्च (आईएएनएस)। चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 79) और अजिंक्य रहाणे (नाबाद 40) एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के परेशानी का सबब बन गए।

दोनों बल्लेबाजों की संयमभरी पारियों की मदद से भारत ने दिन के समापन तक चार विकेट पर 213 रन बना लिए हैं और आस्ट्रेलिया पर 126 रनों की बढ़त ले ली है।

पुजारा और रहाणे के बीच पांचवें विकेट के लिए अब तक 93 रनों की साझेदारी हो चुकी है।

आस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में 276 रनों पर रोकने के बाद भारत पहली पारी के आधार पर 87 रनों से पीछे था। भोजनकाल से कुछ देर पहले अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी मेजबान टीम को सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (51) और अभिनव मुकुंद (16) ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़े। इसी स्कोर पर मुकुंद आउट हुए।

85 गेंदों की पारी में चार चौके लगाने वाले राहुल 84 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे। कप्तान विराट कोहली (15) हालांकि कुछ खास नहीं कर पाए और हाजलेवुड की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। भारती टीम ने प्रयोग किया और रहाणे के स्थान पर रवींद्र जडेजा को उतारा लेकिन यह प्रयोग कारगर साबित नहीं हुआ। जडेजा महज दो रन बनाकर हाजलेवुड की गेंद पर बोल्ड हो गए।

यहां से पुजारा और रहाणे ने अपने पैर जमाए और दिन का खेल खत्म होने तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया।

इससे पहले, तीसरे दिन के स्कोर छह विकेट पर 237 रनों से आगे खेलने उतरी आस्ट्रेलिया सोमवार को अपने खाते में 39 रन ही और जोड़ पाई। उसे 276 रनों पर रोकने में छह विकेट लेने वाले जडेजा ने अहम भूमिका निभाई।

आस्ट्रेलिया ने भारत को पहली पारी में 189 रनों पर ही ढेर कर दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493