मुंबई, 7 मार्च (आईएएनएस)। लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक ‘दीया और बाती हम’ में सूरज राठी के रूप में लोकप्रिय हुए अभिनेता अनस राशिद को आगामी सीक्वल ‘तू सूरज में सांझ पियाजी’ का हिस्सा ना बन पाने का अफसोस है।
टेलीविजन धारावाहिक स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक में राठी परिवार की अगली पीढ़ी की कहानी दिखाई जाएगी। इसमें संध्या राठी (दीपिका सिंह) और सूरज के बच्चों वेद, वंश और कनक राठी पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
पंजाब में छुट्टियों का आनंद ले रहे अनस ने एक बयान में कहा, “मैंने दूसरे सत्र का प्रोमो देखा और मुझे यह बहुत पसंद आया। मैंने भाबो (नीलू वाघेला) को देखा और मुझे लगा कि मैं भागकर उनके पास जाऊं और उन्हें गले लगा लूं।”
उन्होंने कहा, “मुझे फिलहाल इस शो का हिस्सा न बन पाने का अफसोस है। वे मेरे परिवार की तरह हैं और मैं परिवार की तरह ही उनसे मिलता हूं। उनके साथ मेरी शुभकामनाएं हैं।”
‘तू सूरज में सांझ पियाजी’ का प्रसारण तीन अप्रैल से होगा।
dharmpath.com dharmpath