लॉस एंजेलिस, 8 मार्च (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेता आर्नोल्ड श्वार्जनेगर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मजाक उड़ाते हुए कहा कि राष्ट्रपति जिस हद तक उनके बारे में ट्वीट करते रहते हैं, उससे उन्हें लगता है कि राष्ट्रपति को उनसे प्यार हो गया है।
ट्रंप ने अभिनेता श्वार्जनेगर के बारे में ट्वीट कर कहा था, “श्वार्जनेगर ने स्वेच्छा से शो एप्रेंटिस नहीं छोड़ा था बल्कि उन्हें उनकी बुरी रेटिंग के बाद शो से निकाला गया था।”
वेबसाइट डेलीमेल डॉट काम डॉट यूके के मुताबिक, श्वार्जनेगर ने मंगलवार को ‘द माइकल स्मेरकोनिश प्रोग्राम’ में ट्रंप का मजाक बनाया।
आर्नोल्ड ने कहा, “मुझे लगता है कि उन्हें मुझसे प्यार है।”
स्मेरकोनिश ने उनसे पूछा कि क्या इसलिए उन्होंने ये ट्वीट किए? उन्होंने कहा, “हां, मुझे ऐसा लगता है।”
आर्नोल्ड से जब ट्रंप के कामकाज के बारे में पूछा गया तो उन्होंने काफी कूटनीतिक भाषा में जवाब दिया।
उन्होंने कहा, “आइजनहावर ने जो कहा था, मैं उसमें विश्वास करता हूं। यह कि राजनीति सड़क की तरह है। दायां और बायां रास्ता गटर की तरह है और बीच के रास्ते पर हम गाड़ी चला सकते हैं।”
उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि नेता एक दिन जागेंगे और यह फैसला करेंगे कि उन्हें पार्टी के लिए नहीं बल्कि लोगों के लिए काम करना है।”
dharmpath.com dharmpath