दमिश्क, 9 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिकी नौसैनिक आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) से लड़ रहे अमेरिका समर्थित स्थानीय संगठनों की मदद करने के लिए हथियारों के साथ उत्तरी सीरिया पहुंच गए हैं।
‘सीएनएन’ की बुधवार की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका समर्थित लड़ाके आने वाले सप्ताहों में रक्का शहर पर नियंत्रण बनाने की तैयारियां कर रहे हैं। रक्का को आईएस अपनी राजधानी बताता रहा है।
हालांकि, पेंटागन और मरीन कॉर्प्स ने सुरक्षा चिंताओं के कारण क्षेत्र में सैनिकों की तैनाती की पुष्टि से इनकार किया है। उन्होंने सैनिकों की सटीक स्थिति और संख्या की जानकारी देने से भी इनकार कर दिया है।
‘वाशिंगटन पोस्ट’ ने बुधवार को नौसैनिकों की तैनाती का खुलासा किया था।
रिपोर्ट के अनुसार, “मरीन कॉर्प्स की तैनाती को सीरिया में अमेरिकी संलिप्तता में बढ़ोतरी के रूप में देखा जा रहा है। इस लड़ाई में अब अधिक पारंपरिक अमेरिकी सैन्य बल शामिल हो रहे हैं।”
‘सीएनएन’ की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल इराक के मोसुल में इसी तरह की तैनाती की गई थी, जिसमें हथियारों से लैस 700 नौसैनिक क्षेत्र पर नियंत्रण बनाने के लिए आगे बढ़ रही सेनाओं को सुरक्षा देने में शामिल रहे थे।
dharmpath.com dharmpath