नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। आगामी शॉटगन विश्व कप के दूसरे चरण के लिए गुरुवार को भारतीय टीम में डबल ट्रैप निशानेबाज अंकुर मित्तल को शामिल किया गया है।
इस टूर्नामेंट का आयोजन 17 से 27 मार्च तक मेक्सिको सिटी के अकापुल्को में होगा।
हाल ही में समाप्त हुए विश्व कप के पहले चरण में अंकुर ने रजत पदक जीता था। इसमें भारत की शॉटगन टीम ने एक रजत पदक जीता था, जो अंकुर के नाम था।
अकापुल्को शॉटगन विश्व कप के लिए भारतीय टीम में अंकुर के अलावा अंगद वीर सिंह बाजवा को भी शामिल किया गया है, जिन्होंने स्कीट मिक्स्ड टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। इस स्पर्धा को पहली बार विश्व कप के किसी चरण में शामिल किया गया था।
अंकुर और अंगद के अलावा भारत की आठ सदस्यीय टीम में शपथ भारद्वाज (पुरुष डबल ट्रैप), अमरिंदर चीमा (पुरुष स्कीट स्पर्धा), केनन चेनाई (पुरुष डबल ट्रैप), रश्मी राठौर (महिला स्कीट स्पर्धा), जोरावार सिंह संधू (पुरुष डबल ट्रैप), मान सिंह (पुरुष स्कीट स्पर्धा) और बिरेनदीप सोढ़ी (पुरुष ट्रैप स्पर्धा) शामिल हैं।
टीम के बारे में भारतीय राष्ट्रीय राइफल महासंघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष रनिंदर सिंह ने कहा, “हमने एक अच्छे स्तर पर इस सत्र की शुरुआत की है और आश्वस्त हैं कि हमारे शॉटगन निशानेबाज मेक्सिको में भी अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखेंगे। मैं पूरी टीम को शुभकामनाएं देता हूं।”
अकापुल्को शॉटगन विश्व कप में 32 देशों से कुल 216 शॉटगन निशानेबाज हिस्सा लेंगे।
dharmpath.com dharmpath