सुनील ग्रोवर का सम्मान करता हूं : कपिल शर्मा

मुंबई, 20 मार्च (आईएएनएस)। हास्य अभिनेता कपिल शर्मा ने सोमवार को अपने सह कलाकार सुनील ग्रोवर के साथ हुए झगड़े की खबरों से इनकार किया।

कपिल ने हालांकि माना कि सुनील के साथ उनकी बहस हुई थी, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि वह सुनील को प्यार करते हैं और उन्हें ‘बड़े भाई’ की तरह मानते हैं।

ऐसी खबरें आई थीं कि ‘द कपिल शर्मा शो’ में डॉ. मशहूर गुलाटी का किरदार निभाने वाले सुनील के साथ कपिल ने आस्ट्रेलिया से मुंबई लौटते वक्त विमान में हाथापाई की थी।

कपिल ने सोमवार को फेसबुक के जरिये इनका खंडन किया।

उन्होंने लिखा, “मैं अपने बेहतरीन समय का जश्न मना रहा था और अचानक मैंने अपने व सुनील पाजी के बीच लड़ाई की खबर सुनी।”

कपिल के मुताबिक, “पहली बात कि यह जानकारी कहां से आई? इसके पीछे मकसद क्या है? अगर मैंने उनके साथ विमान में लड़ाई की तो किसने देखा और आपको बताया..क्या वह भरोसे के लायक है? कुछ लोग ऐसी बातों के मजा लेते हैं।”

कपिल ने हालांकि माना कि सुनील के साथ उनकी बहस हुई थी, लेकिन इसका बचाव करते हुए कहा कि वे भी सामान्य लोग हैं और कभी-कभी ऐसा हो जाता है।

उन्होंने कहा, “क्या हम सामान्य लोग नहीं हैं? पिछले पांच सालों में मैं पहली बार उन पर चिल्लाया..इतना तो चलता है।”

उन्होंने लिखा “मैं उन्हें एक कलाकार और एक इंसान के रूप में पसंद करता हूं..वह मेरे बड़े भाई के समान हैं..हर समय इतनी नकारात्मकता क्यों?”

कपिल ने कहा कि वे आपस में मिलकर मामले को सुलझा लेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493