बैंकॉक, 22 मार्च (आईएएनएस)। थाईलैंड और फिलीपींस ने आतंकवाद और मादक पदार्थो के अवैध व्यापार जैसे मुद्दों से निपटने के लिए एक-दूसरे के साथ सैन्य सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, थाईलैंड के प्रधानमंत्री प्रयुत चान-ओ-चा और थाईलैंड की यात्रा पर आए फिलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के बीच बैठक के बाद मंगलवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह कहा गया।
दुतेर्ते ने मीडिया को बताया, “हम हमारी सामूहिक सुरक्षा व स्थिरता के लिए पारंपरिक और उभरते हुए नए खतरों से निपटने की जरूरत पर बल देते हैं। इनमें आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद, समुद्र में डकैती और साथ ही मानव तस्करी और मादक पदार्थो की तस्करी जैसे अंतर्राष्ट्रीय अपराध भी शामिल हैं।”
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने इस पर सहमति जताई कि दक्षिण चीन सागर, क्षेत्र और यहां के लोगों के लिए शांति, स्थिरता और सतत विकास का सागर होना चाहिए।
दोनों देशों के बीच साझा आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कृषि और साथ ही विज्ञान व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी कई करारों पर हस्ताक्षर हुए।
यह दुतेर्ते की पहली थाईलैंड यात्रा है।
dharmpath.com dharmpath