शिलांग, 23 मार्च (आईएएनएस)। मेघालय 2022 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करेगा। राज्य के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री जेनिथ एम संगमा ने गुरुवार को विधानसभा में इस बात की जानकारी दी। साल 2022 में राज्य की स्थापना के 50 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं।
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान संगमा ने कहा, “भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने 27 दिसंबर 2016 को हुई अपनी वार्षिक आम सभा में मेघालय को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी सौंपी थी।”
उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही आईओए और मेघालय राज्य ओलम्पिक संघ के साथ मिलकर इस प्रतिष्ठित खेल के आयोजन के अनुबंध पर हस्ताक्षर करेगी।
संगमा ने कहा, “राष्ट्रीय खेलों की नीलामी कीमत पांच करोड़ रुपये थी। हमने 50 लाख रूपये का ड्रॉफ्ट पहले ही जमा करा दिया है और बाकी साढ़े चार करोड़ रुपये की राशि अनुबंध होने के बाद दी जाएगी।”
इस पर विपक्षी निर्दलीय विधायक सालेंग ए संगमा ने चिंता जताई और कहा कि राज्य को देखना होगा कि वह इतने कम समय में कैसे खेलों के आयोजन के लिए आधारभूत ढांचा बनाएगा।
उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “हम पहले से ही देख रहे हैं कि पुल बनने में 10 से 15 साल का समय लग रहा है।”
राज्य के मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने इस बात का जवाब देते हुए कहा कि हमने राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए बोली लगाने से पहले सभी चीजों के बारे में सोच लिया था।
उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए खेलों के आयोजन और राज्य को साबित करने का बेहतरीन समय है।”
उन्होंने कहा, “हमें आज से ही कड़ी मेहनत करनी होगी। पांच साल ज्यादा या कम समय नहीं होता है। जिस बात की जरूरत है, वह यह है कि हम अपने संसाधनों को इकट्ठा करें।”
मुख्यमंत्री ने पूर्व में मणिपुर द्वारा इन खेलों के सफल आयोजन का हवाला देते हुए कहा, “मणिपुर ने जब खेलों का आयोजन किया था, तब सभी लोगों ने मदद की थी। सरकारी कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन तक दिया था।”
उन्होंने कहा कि सरकार राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी के लिए सभी हितधारकों का सहयोग लेगी।
dharmpath.com dharmpath