अंडर 17 विश्व कप : कोच्चि में काम की गति से फीफा चिंतित

कोच्चि, 24 मार्च (आईएएनएस)। फुटबाल की नियामक संस्था फीफा ने शुक्रवार को अंडर-17 फुटबाल विश्व कप के लिए कोच्चि के आयोजन स्थल के नवीकरण कार्यो की धीमी गति पर चिंता जताई।

इस टूर्नामेंट के आयोजन के लिए 200 से भी कम दिनों का समय शेष रह गया है।

फीफा के 21 सदस्यों की टीम और स्थानीय आयोजन समिति (एलओसी) ने कोच्चि का दौरा किया। यह फीफा अंडर-17 विश्व कप के छह आयोजन स्थलों में से एक है।

टूर्नामेंट की तैयारियों के बारे में फीफा के टूर्नामेंट विभाग के प्रमुख जेमी यार्जा ने कहा, “मैं पिछले माह फरवरी में यहां आया था। और, सच कहूं तो कुछ काम हुआ है लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। यह गंभीर चिंता का कारण है। राज्य सरकार को इसमें शामिल होना चाहिए, हमें पूर्ण समर्थन देना चाहिए और स्थिति की गंभीरता को समझना चाहिए क्योंकि इस स्टेडियम में कई बदलाव होने बाकी हैं।”

जेमी ने कहा, “यह काम 15 मई तक पूरा हो जाना चाहिए। मरम्मत और निर्माण के बहुत बचे काम को देखते हुए इसे पूरी तेजी के साथ पूरा होना चाहिए। इसके साथ ही आयोजन स्थल में अन्य चीजें भी चिंता का कारण हैं, जैसे ऐसे स्टोर जिनमें ईंधन टैंक हैं। यह सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक है। इनके उपकरणों को भी बाहर निकाला जाना चाहिए। कुल मिलाकर, बहुत काम बाकी है और इसमें राज्य सरकार को शामिल होने की जरूरत है।”

कोच्चि आयोजन स्थल के निरीक्षण के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में एलओसी के टूर्नामेंट के निदेशक जेवियर सेप्पी ने कहा, “पिछले कुछ माहों में कोच्चि में काफी अच्छा काम हुआ। दुर्भाग्य से यह भी एक तथ्य है कि पिछले साल आईएसएल के दौरान कोई काम नहीं हुआ था। इस कारण नवनिर्माण के कार्यों में अधिक समय लग रहा है।”

सेप्पी ने कहा, “हम आश्वस्त हैं कि राज्य सरकार अपनी प्रतिबद्धिता के साथ न्याय करेगी और नवनिर्माण से संबंधित सभी लंबित कार्यो को जल्द से जल्द पूरा करेगी।”

इस संवाददाता सम्मेलन में केरल सरकार के नोडल अधिकारी ए.पी.एम. मोहम्मद हनीश, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के उपाध्यक्ष के.एम.आई. माथेर, केरल राज्य खेल परिषद के अध्यक्ष टी.पी. दासन, केरल के उद्योग, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री ए. सी. मोइद्दीन और एलओसी परियोजना के निदेशक जॉय भट्टाचार्य भी मौजूद थे।

फीफा का प्रतिनिधिमंडल अब नवी मुंबई और गुवाहाटी जाएगा। इसके बाद टीम के निरीक्षण का कार्य कोलकाता में समाप्त होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493