धर्मशाला टेस्ट : कुलदीप (68/4) के आगे आस्ट्रेलियाई टीम 300 पर सिमटी (लीड-3)

धर्मशाला, 25 मार्च (आईएएनएस)। अपना पहला मैच खेल रहे चाइनामैन कुलदीप यादव (68/4) की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे और आखिरी टेस्ट मैच के पहले दिन शनिवार को आस्ट्रेलिया को पहली पारी में 300 रनों पर ही रोक दिया।

दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी पहली पारी में एक ओवर खेला जिसमें कोई रन नहीं आया। मुरली विजय और लोकेश राहुल की सलामी जोड़ी नाबाद लौटी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आस्ट्रेलिया की तरफ से कप्तान स्टीवन स्मिथ ने सर्वाधिक 111 रन बनाए। उनके अलावा मैथ्यू वेड ने 57 और सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने 56 रनों का योगदान दिया। इन तीनोंके अलावा कोई भी आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज टिक कर बल्लेबाजी नहीं कर सका।

पहले सत्र में एक विकेट खोकर 131 रन बनाने वाली आस्ट्रेलिया ने दूसरे सत्र में पांच विकेट गंवाए और 77 रन जोड़े। इन पांच में से तीन विकेट कुलदीप ने लिए।

तीसरे सत्र में आस्ट्रेलिया को वेड से उम्मीद थी, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। पैट कमिंस (21) ने जरूर वेड का थोड़ी देर साथ दिया लेकिन वह कुलदीप की गेंद पर उन्हीं को कैच देने की गलती कर बैठे।

स्टीव ओकीफ (8) को अतिरिक्त फील्डर श्रेयस अय्यर ने शानदार रन आउट किया। आस्ट्रेलियाई पारी को अंत में संभालने वाले वेड को रवींद्र जडेजा ने बोल्ड किया। भुवनेश्वर कुमार ने नाथन लॉयन को चेतेश्वर पुजार के हाथों कैच करा आस्ट्रेलियाई पारी का अंत किया।

आस्ट्रेलिया ने पहले सत्र में शानदार प्रदर्शन किया। वार्नर भाग्यशाली रहे और पहली ही गेंद पर पवेलियन जाने से बच गए। ईशांत शर्मा की जगह अंतिम एकादश में शामिल किए गए भुवनेश्वर द्वारा फेंके गए पहले ओवर की पहली गेंद पर तीसरी स्लिप में खड़े करुण नायर ने वार्नर का कैच छोड़ दिया।

हालांकि, भारत को पहले विकेट के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। उमेश ने दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर मैट रेनशॉ (1) को क्लीन बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इस समय आस्ट्रेलिया का कुल स्कोर 10 था।

लेकिन इसके बाद स्मिथ और डेविड वार्नर की जोड़ी ने पहले सत्र में भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया और भोजनकाल तक दूसरा विकेट नहीं गिरने दिया।

दूसरे सत्र में कुलदीप ने वार्नर को रहाणे के हाथों कैच करा अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय विकेट हासिल किया। पहला विकेट लेने के बाद कुलदीप थोड़े भावुक हो गए और रहाणे से कुछ देर तक लिपटे रहे। रहाणे इस मैच में टीम की कप्तानी कर रहे हैं। नियमित कप्तान विराट कोहली कंधे में चोट के कारण यह मैच नहीं खेल रहे हैं।

वार्नर 144 के कुल स्कोर पर आउट हुए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए स्मिथ के साथ 134 रनों की साझेदारी की। वार्नर ने अपनी पारी में 87 गेंदों का सामना किया और आठ चौके तथा एक छक्का लगाया।

वार्नर के बाद आए शॉन मार्श (4) को उमेश ने ज्यादा देर मैदान पर टिकने नहीं दिया और विकेट के पीछ रिद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया। पीटर हैंड्सकॉम्ब (8) कुलदीप की फिरकी में फंस गए। कुलदीप ने उन्हें 168 के स्कोर पर बोल्ड किया।

ग्लैन मैक्सवेल (8) ने स्मिथ का साथ देने की कोशिश की। उन्होंने कुलदीप पर एक चौका भी जड़ा, लेकिन एक गेंद बाद वह कुलदीप की खूबसूरत गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए।

एक छोर पर खड़े स्मिथ ने 51वें ओवर में अपना शतक पूरा किया। यह उनका इस श्रृंखला का तीसरा शतक है। शतक पूरा करने के कुछ देर बाद स्मिथ, रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर स्लिप पर रहाणे के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 173 गेंदों की अपना पारी में 14 चौके लगाए। वह चायकाल से एक ओवर पहले 208 के कुल स्कोर पर आउट हुए।

भारत की तरफ से कुलदीप के अलावा उमेश ने दो विकेट लिए। अश्विन, रवींद्र और भुवनेश्वर कुमार को एक-एक सफलता मिली। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493