लंदन, 27 मार्च (आईएएनएस)। ब्रिटिश संसद के बाहर पिछले हफ्ते हुए आतंकवादी हमले के शिकार लोगों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए मुस्लिम महिलाओं का एक समूह वेस्टमिंस्टर ब्रिज पर एकत्र हुआ। इस आतंकवादी हमले में चार लोग मारे गए थे।
टेलीग्राफ की रपट के मुताबिक, समूह की महिलाओं ने नीले रंग के कपड़े पहन रखे थे। महिलाओं ने कहा कि यह रंग उम्मीद का प्रतीक है। महिलाएं वेस्टमिंस्टर ब्रिज पर एक-दूसरे का हाथ थामे पांच मिनट तक खड़ी रहीं।
इसमें कई पृष्ठभूमि के लोगों ने हिस्सा लिया। इसका आयोजन ‘वूमेंस मार्च ऑन लंदन’ ने किया था।
एक अकेले हमलावर खालिद मसूद द्वारा किए गए हमले में तीन नागरिकों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। हमलावर 22 मार्च को तेजी से पार्लियामेंट एस्टेट की तरफ बढ़ा और उसने पुलिस अधिकारी की हत्या कर दी।
मसूद को पुलिस ने गोली मार दी थी।
सुर्बिटोन की फरीहा खान ने कहा, “यहां इस तरह से खड़े होकर हम उन आम लोगों के बारे में सोचते हैं जो यहां थे और मारे गए।”
उन्होंने कहा कि महिलाएं इस हिंसक हमले की आलोचना करती हैं।
dharmpath.com dharmpath