मुंबई, 30 मार्च (आईएएनएस)। वर्तमान में लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक ‘जिंदगी की महक’ में नजर आ रहीं अभिनेत्री समीक्षा जायसवाल आगामी सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान घायल हो गईं।
समीक्षा अपने सह-कलाकारों करण वोहरा और मैडी के साथ सेट पर एक सीक्वेंस की शूटिग कर रही थीं, जिसमें अजय (मैडी) और उनका एक मित्र महक के साथ छेड़छाड़ करता है, लेकिन शौर्य (करण) उसे बचाता है।
वहीं जब मैडी टूटी कांच की बोतल से करण को मारने वाला था, तो समीक्षा बीच में आ जाती हैं और इसी प्रक्रिया में वह बुरी तरह घायल हो जाती हैं। इसके बाद उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
समीक्षा ने कहा, “हम दृश्य में इतने खो गए और इतनी हिंसक भावनाएं थीं कि बोतल टूट गई और मुझे चोट लगी। मेरे हाथ में चोट लगी और खून बहने लगा। पूरी टीम तुरंत पहुंची और मदद की।”
उन्होंने कहा, “मैंने डॉक्टर से सलाह ली, मुझे प्राथमिक उपचार और दवा मिली और प्रोडक्शन हाउस की मदद से सीक्वेंस पूरा करने का निर्णय लिया गया। धारावाहिक में कलाकार के रूप में हम अक्सर सेहत से अधिक शूटिंग को प्राथमिकता देते हैं।”
‘जिंदगी की महक’ का प्रसारण टेलीविजन चैनल जीटीवी पर होता है।
dharmpath.com dharmpath