मुम्बई, 30 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) और रिलायंस रिटेल ने गुरुवार को इन-स्टोर भुगतान समाधान शुरू किया है, जिससे ग्राहक भीम और दूसरे बैंक-संरक्षित यूपीआई भुगतान एप जैसे यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के माध्यम से भुगतान कर सकेंगे।
इस प्लेटफॉर्म को बंेगलुरू के इन्नोवाइटी पेमेंट सॉल्यूशंस ने एक्सिस बैंक के साथ मिलकर तैयार किया है। फिलहाल यह सुविधा मुम्बई में 200 से अधिक रिलायंस रिटेल स्टोरों में उपलब्ध है जिनमें अनेक दूसरी दुकानों के साथ-साथ रिलायंस फ्रेश, रिलायंस स्मार्ट, रिलायंस डिजिटल, रिलायंस ट्रेंड्स, और रिलायंस फुटपिंट्र्स शामिल हैं। जल्द ही इसका विस्तार देश भर में रिलायंस स्टोरों पर किया जाएगा।
एनपीसीआई के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए. पी. होता ने बताया, “एनपीसीआई के भीम एप को अभी तक करीब 2 करोड़ बार डाउनलोड किया जा चुका है और इस तरह के यूपीआई एप के तेजी से बढ़ते प्रचलन को देखते हुए इस पहल से खुदरा दुकानों में यूपीआई भुगतान स्थलों की संख्या बढ़ेगी।”
रिलायंस रिटेल के निदेशक वी. सुब्रमणियम ने कहा, “रिलायंस रिटेल देश का पहला संगठित रिटेलर है जिसने ग्राहकों के लिए यूपीआई एप आधारित भुगतान सुविधा के माध्यम से डिजिटल लेन-देन की अतिरिक्त सुविधा और विकल्प को लागू किया है।”
dharmpath.com dharmpath