वित्त वर्ष के अंतिम दिन सेंसेक्स 27 अंक लुढ़का (लीड-1)

मुंबई, 31 मार्च (आईएएनएस)। शेयर बाजार में तीन दिनों की तेजी के बाद वित्त वर्ष 2017-18 के अंतिम दिन यानी शुक्रवार को गिरावट दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 26.92 अंकों की गिरावट के साथ 29,620.50 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी बिना किसी बदलाव के 9,173.75 पर बंद हुआ।

बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह 13.51 अंकों की गिरावट के साथ 29633.91 पर खुला और 26.92 अंकों या 0.09 फीसदी की गिरावट के साथ 29,620.50 पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार में सेंसेक्स ने 29687.64 के ऊपरी और 29552.61 के निचले स्तर को छुआ।

जबकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी बिना किसी बदलाव के 9,173.75 बंद हुआ।

बीएसई के 19 सेक्टरों में से 12 सेक्टरों में मजबूती दर्ज की गई। सर्वाधिक बढ़त वाले सेक्टरों में प्रमुख रहे : ऊर्जा (2.52 फीसदी), तेल एवं गैस (1.85 फीसदी), धातु (1.13 फीसदी), उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं (1.05 फीसदी) और पूंजीगत वस्तुएं (0.98 फीसदी)।

वहीं, बीएसई के जिन सेक्टरों में गिरावट रही, उनमें प्रमुख रहे – दूरसंचार (0.92 फीसदी), बैंकिंग (0.73 फीसदी), रियल्टी (0.53 फीसदी) वित्त (0.52 फीसदी) और तेज खपत उपभोक्ता वस्तुएं (0.36 फीसदी)।

बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में हालांकि मजबूती का रुख रहा। बीएसई का मिडकैप सूचकांक 111.13 अंकों की बढ़त के साथ 14096.65 पर और स्मॉलकैप 102.61 अंकों की बढ़त के साथ 14433.86 पर बंद हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493