सौंदर्या के साथ काम का अनुभव शानदार रहा : काजोल

मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिल फिल्म ‘वीआईपी 2’ के साथ इस भाषा की फिल्मों में वापसी करने जा रहीं अभिनेत्री काजोल ने इसकी शूटिंग पूरी कर ली है। उन्होंने फिल्म निर्देशक सौंदर्या के साथ बिताए समय और काम के अनुभव को शानदार बताया।

काजोल ने यहां मैक्विटीज किड्स कलिनैरे फेस्टीवल के मौके पर कहा, “वह बेहतरीन व अद्भुत इंसान हैं। उनके साथ काम का अनुभव शानदार रहा। मैंने उनके साथ बेहतरीन वक्त बिताया।”

इस फिल्म के साथ काजोल लगभग दो दशक बाद तमिल फिल्म उद्योग में वापसी कर रही हैं। इससे पहले वह वर्ष 1997 की तमिल फिल्म ‘मिन्सारा कानावु’ में नजर आई थीं।

‘वीआईपी 2’ वर्ष 2014 की तमिल फिल्म ‘वेलैयिल्ला पट्टाथारी’ का सीक्वल है। इसमें धनुष महत्वपूर्ण भूमिका में हैं, जबकि काजोल एक व्यापारी महिला के किरदार में हैं।

‘दिलवाले’ की अभिनेत्री ने कहा, “अपनी भूमिका से मैं बहुत खुश हूं। मैं फिल्म के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता सकती, क्योंकि मुझे निर्देशक ने फिल्म के बारे में ज्यादा न बोलने के लिए कहा है।”

मैक्विटीज के साथ जुड़ने के बारे में काजोल ने कहा कि चूंकि वह खुद एक मां हैं, इसलिए बच्चों में पोषण के मुद्दे को खास तवज्जो देती हैं।

तमिल फिल्म के अलावा, काजोल अपने पति अजय देवगन के साथ अपने होम प्रोडक्शन के लिए भी काम कर रही हैं।

इस बारे में उन्होंने कहा, “अपने होम प्रोडक्शन की परियोजना के बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। आने वाले 2-3 महीनों में शूटिंग शुरू करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493