मियामी, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। ब्रिटेन की टेनिस स्टार योहाना कोंटा ने महिला एकल वर्ग के फाइनल में कैरोलिना वोजनियास्की को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से मात देते हुए मियामी ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, शनिवार को हुए मैच में मिली जीत डब्ल्यूटीए के जरूरी टूर्नामेंट में कोंटा की पहली जीत है।
आस्ट्रेलिया में जन्मी कोंटा ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाया। खासकर उन्होंने वापसी गेम में एकतरफा अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने इस दौरान छह सर्विस ब्रेक हासिल की और वोजनियास्की के आधे से ज्यादा सर्विस अंक अपने नाम किए।
डब्ल्यूटीए की वेबसाइट में कोंटा के हवाले से लिखा गया है, “मेरे लिए महत्वपूर्ण यह था कि मैं अपना खेल उस तरह से खेलूं जिस तरह से खेलना चाहती हूं। यह मेरे दिमाग में साफ था और मैंने अपने आप को पूरा मौका दिया।”
वोजनियास्की 2017 में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं लेकिन वह फाइनल में चूक गईं।
उन्होंने कहा, “मैंने लड़ने की कोशिश की। उन्होंने काफी आक्रामक और अच्छा खेल खेला। पहले सेट में 4-4 स्कोर रहने के बाद मैंने सेट दे दिया और फिर कुछ ब्रेक प्वाइंट छोड़ दिए। अगर आपको मैच जीतने होते हैं तो आपको ऐसे अंक अपने खाते में डालने में होते हैं।”
dharmpath.com dharmpath