नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसन ने रविवार को योनेक्स इंडिया ओपन के पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में चीनी ताइपे के चुओ तियान चेन को मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया।
विक्टर ने चेन को आसान मुकाबले में 21-13, 21-10 से मात दी।
यह मुकाबला महज 36 मिनट तक चला। विक्टर को खिताबी जीत हासिल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। उन्होंने दोनों सेट में अपने विपक्षी पर दबाव बनाए रखा।
इसी टूर्नामेंट के पुरुष युगल के फाइनल में इंडोनेशिया के मार्कस फेर्नाल्डी गिडेयोन और केविन संजया सुकामुलजो की जोड़ी ने हमवतन रिकि कारणदासुवार्डी और अनग्गा प्रतामा की जोड़ी को आसान मुकाबले में 21-11, 21-15 से मात देते हुए खिताब जीता।
महिला युगल का फाइनल जापान की शिहो टानाका और कोहारु योनेमोटो की जोड़ी के नाम रहा। इस जोड़ी ने भी अपनी हमवतन नाओको फुकुमैन और कुरुमी योनाओ की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 16-21, 21-19, 21-10 से मात दी।
मिश्रित युगल के फाइनल में चीन के लु केई तथा हुयांग याकियोंग की जोड़ी ने जीत हासिल की। फाइनल में इस जोड़ी के सामने अपने ही देश के झेंग सिवेई और चेन किंगचेन की जोड़ी थी जिसे केई और याकियोंग की जोड़ी ने रोमांचक मुकाबले में 22-24, 21-14, 21-17 से मात देते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
dharmpath.com dharmpath