नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने म्यांमार के दक्षिण एशिया उपराज्यीय आर्थिक सहयोग (एसएएसईसी) का नया सदस्य बनने का स्वागत करते हुए सोमवार को कहा कि यह राष्ट्र दक्षिण एशिया तथा दक्षिणपूर्व व पूर्वी एशिया को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एसएएसईसी के वित्त मंत्रियों की यहां बैठक में जेटली ने कहा, “अब इस संगठन के सात सदस्य हो चुके हैं। नए सदस्य के रूप में म्यांमार का हम स्वागत करते हैं, जो दक्षिण एशिया तथा दक्षिणपूर्व व पूर्वी एशिया को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”
एशियाई विकास बैंक (एडीबी) का एसएसएसईसी कार्यक्रम म्यांमार के साथ पूरब की तरफ फैल रहा है, जिसके 2017 में सात सदस्य हो चुके हैं।
जेटली ने उप-क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए एसएएसईसी विजन 2017-25 की शुरुआत की। इस संगठन में बांग्लादेश, भूटान, भारत, मालदीव, म्यांमार, नेपाल तथा श्रीलंका शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “समग्र दृष्टिकोण सहयोग में इजाफा कर उप-क्षेत्रीय विकास को सतत करना है। संपर्क, बुनियादी ढांचा के विकास में सुधार करने से इसमें मदद मिलेगी।”
उन्होंने उल्लेख करते हुए कहा कि परिवहन का मार्ग तलाशना, व्यापार तथा ऊर्जा सुरक्षा सतत विकास में मददगार साबित होगा और एसएएसईसी में सुधार 21वीं सदी के एशिया को सशक्त करेगा।
आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने कार्यक्रम में स्वागत संबोधन किया।
dharmpath.com dharmpath