श्रीलंका दौरे के बाद अंतर्राष्ट्रीय टी-20 से संन्यास लेंगे मुर्तजा

कोलंबो, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। बांग्लादेश की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने मंगलवार को कहा कि श्रीलंका के खिलाफ चल रही दो अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैचों की श्रृंखला के बाद वह इस प्रारूप से संन्यास ले लेंगे।

मुर्तजा ने यह घोषणा दोनों देशों के बीच प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टी-20 मैच के टॉस के दौरान की।

वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने मुर्तजा के हवाले से लिखा है, “यह मेरी बांग्लादेश के लिए आखिरी टी-20 श्रृंखला होगी। मैं बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी), टीम के साथी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ का धन्यवाद देना चाहता हूं।”

मुर्तजा ने 26 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैचों में बांग्लादेश की कप्तानी की है, जिसमें उन्हें नौ में जीत मिली है। मंगलवार को खेले जा रहे मैच से पहले उन्होंने अपने देश के लिए कुल 52 मैच खेले हैं और 39 विकेट लिए हैं। उन्होंने इस प्रारूप में एक मैच में चार विकेट चटकाने का कारनामा भी किया है।

वेबसाइट के मुताबिक मुर्तजा ने पहले टीम के सीनियर खिलाड़ियों को इस बात की जानकारी दी और फिर बाकी टीम को इस बारे में बताया।

मुर्तजा के संन्यास की चर्चाएं पहले से थीं। बीसीबी चाहता है कि शाकिब अल हसन को कप्तान बना कर टीम में युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जाए। हालांकि मुर्तजा देश की एकदिवसीय टीम के कप्तान बने रहेंगे। वह आने वाले आयरलैंड दौरे पर टीम की कप्तानी करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493