आगरा, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘ब्लू माउंटेन्स’ के निर्माता फिल्म के क्लाइमेक्स की शूटिग ताजमहल में करना चाहते थे, लेकिन उन्हें भारतीय पुरातत्व विभाग से इसकी इजाजत नहीं मिली।
फिल्म के निर्माता राजेश जैन ने आईएएनएस को बताया, “मैंने 1997 में ताजमहल के पीछे ग्रीस के संगीतकार यानी का शो देखा था और मैं उससे इतना प्रभावित हुआ था कि मैं ‘ब्लू माउंटेन्स’ के कुछ दृश्यों की शूटिंग ताजमहल में करना चाहता था। लेकिन यह नहीं हो पाया। लेकिन मुझे यकीन है कि मेरी अगली फिल्म की शूटिंग ताजमहल में और उसके आसपास ही होगी।”
हस्तशिल्प निर्यातक जैन ‘ब्लू माउंटेन्स’ के साथ फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रख रहे हैं।
फिल्म में ग्रेसी सिंह, रणवीर शौरी और राजपाल यादव भी हैं।
फिल्म की कहानी एक छोटे से गांव के एक युवा पर आधारित है, जो अचानक टीवी के एक रियेलिटी शो के माध्यम से लोकप्रिय हो जाता है, लेकिन कुछ दर्दनाक परिस्थितियों के कारण उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है।
फिल्म का संगीत आदेश श्रीवास्तव और मोंटी शर्मा ने दिया है और इसके गीत श्रेया घोषाल, कैलाश खेर और शान ने गाए हैं।
dharmpath.com dharmpath