वाशिंगटन, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत से 25 दिन पहले ही अमेरिका पहुंचे एक भारतीय नागरिक की एक पेट्रोल पंप पर स्थित दुकान पर दो नकाबपोशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
विदेशमंत्री सुषमा स्वराज ने शनिवार को ट्वीट किया कि अमेरिका के याकिमा शहर में गुरुवार को भारतीय नागरिक 26 वर्षीय विक्रम जरयाल की हत्या की जांच कर रही अमेरिकी एजेंसियों के साथ भारत संपर्क में है।
सुषमा ने ट्वीट किया, “वाशिंगटन में विक्रम की दुखद हत्या से संबंधित रपट मुझे मिली है।”
सुषमा के अनुसार, नकाबपोश आधी रात में 1.30 बजे के करीब ‘एम-पीएम’ स्टोर में घुसे। उन्होंने पीड़ित से उसके पास मौजूद नकद राशि छीनने के बाद सीने में गोली मार दी, जिससे विक्रम की मौत हो गई।
विक्रम पंजाब के होशियारपुर का रहने वाला था और स्टोर में क्लर्क की नौकरी करता था।
समाचार चैनल ‘एनबीसी राइट नाउ’ के अनुसार, विक्रम स्टोर में काउंटर पर खड़ा था, जब दोनों नकाबपोश स्टोर में घुसे और लूटमार की।
पुलिस ने बताया कि विक्रम ने नकाबपोशों के आदेश का पालन करते हुए उन्हें सारी नकद राशि दे दी, इसके बावजूद भागने से पहले एक नकाबपोश ने उनके सीने में गोली मार दी।
पुलिस ने समाचार चैनल को बताया कि घटना के कुछ ही मिनट बाद जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो विक्रम ने उन्हें सारा घटनाक्रम बताया, ‘लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान कुछ ही देर बात उसकी मौत हो गई’।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज हासिल कर लिया है और दोनों नकाबपोशों की तलाश की जा रही है।
याकिमा पुलिस में सेवारत माइक बास्टिनेली ने कहा, “किसी न किसी को कुछ तो पता है। कुछ लोग इन नकाबपोशों को जानते ही होंगे। घटना की मिली तस्वीरों में एक व्यक्ति द्वारा पहनी गई शर्ट अच्छी तरह पहचान में आ रही है। गोली मारने वाले नकाबपोश ने काले रंग की हूडी पहन रखी थी, जिस पर काले सफेद पैच बने हुए थे।”
सुषमा ने बताया कि विक्रम 25 दिन पहले ही अमेरिका पहुंचा था।
उन्होंने बताया कि भारतीय अधिकारी अमेरिकी जांच एजेंसियों के साथ सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “सैन फ्रांस्सिको स्थित भारतीय दूतावास पीड़ित के परिवार वालों की मदद कर रहा है और पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर मामले को देख रहा है।”
dharmpath.com dharmpath