आशा पारेख, लता मंगेशकर ने विनोद खन्ना के जल्द ठीक होने की कामना की

मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेत्री आशा पारेख और प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर ने अभिनेता विनोद खन्ना के जल्द ही स्वस्थ होने की कामना की है।

अभिनेता डिहाइड्रेशन के चलते यहां एक हफ्ते से ज्यादा समय से अस्पताल में भर्ती हैं।

आशा 1970 के दशक में ‘आन मिलो सजना’, ‘मैं तुलसी तेरे आंगन की’ और ‘मेरा गांव मेरा देश’ में विनोद खन्ना के साथ काम कर चुकीं हैं।

आशा ने आईएएनएस को बताया, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि वह अच्छा महसूस नहीं कर रहे हैं। मैं ईश्वर से उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करती हूं। वह बेहतरीन इंसान हैं.. यह जानकर दुख हुआ कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है।”

अभिनेत्री ने बताया कि हालिया वर्षों में खन्ना से उनकी मुलाकात सामाजिक कार्यक्रमों में ही हुई है।

वहीं लता मंगेशकर ने शनिवार को ट्वीट किया, “विनोद खन्ना के जल्द ही ठीक होने के लिए मेरी प्रार्थनाएं और शुभकामनाएं उनके साथ हैं..हमारे उद्योग के बेहतरीन कलाकारों में से एक।”

पंजाब के गुरदासपुर जिले से भारतीय जनता पार्टी के सांसद विनोद खन्ना 31 मार्च से मुंबई के सर एच.एन. रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल एंच रिसर्च सेंटर में भर्ती हैं।

अस्पताल के एक प्रवक्ता के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

खन्ना (70) ने ‘अपने’, ‘इंसाफ’ और ‘अमर अकबर एंथनी’ जैसी फिल्मों में काम किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493