अगस्ता (अमेरिका), 10 अप्रैल (आईएएनएस)। स्पेन के गोल्फ खिलाड़ी सर्गियो गार्सिया ने प्लेऑफ के दौरान पहले होल पर बर्डी लगाते हुए मास्टर्स टूर्नामेंट जीत लिया। यह उनका पहला मेजर खिताब है।
चार दौर की समाप्ति के बाद गार्सिया और जस्टिन रोस बराबरी पर थे। इसके बाद प्लेऑफ का आयोजन किया गया, जिसमें गार्सिया ने बाजी मार ली।
गार्सिया ने स्पेन के लिए दूसरा मास्टर्स खिताब जीता है। इससे पहले उनके देश के जोस मारिया ओलाजाबाल ने 1999 में यह खिताब जीता था।
रेगुलेशन टाइम की समाप्त तक गार्सिया (-9) और रोस (-9) अंतिम होल तक बराबरी पर थे। गार्सिया का चार दिनों का योग नाइन अंडर 279 (71-69-70-69) रहा जबकि रोस ने 71-72-67-69 स्कोर हासिल किया।
रोस टाइब्रेकर के पहले होल पर बोगी लगा बैठे जबकि गार्सिया ने बर्डी लगाते हुए विजेता के रूप में ग्रीन जैकेट हासिल किया।
खिताबी जीत के बाद गार्सिया ने कहा, “यह काफी खुशनुमा अहसास है। मैंने काफी समय और लम्बे प्रयास के बाद यह सफलता हासिल की।”
दक्षिण अफ्रीका के चार्ल श्वार्जेल ने तीसरा स्थान हासिल किया। उनका कुल योग सिक्स अंडर 282 रहा।
दूसरी ओर, रोस के लिए अंतिम दिन का सफर निराशाजनक रहा। वह बीते तीन साल में दो बाद खिताब के करीब पहुंचकर उससे दूर हो गए।
dharmpath.com dharmpath