मुंबई, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मिली रोमांचक जीत के बाद मुंबई इंडियंस की कोशिश अपने अगले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को जीत की हैट्रिक से रोकने की होगी।
दोनों टीमें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण में बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।
मुंबई ने अभी तक दो मुकाबले खेले हैं जिसमें एक में उसे जीत मिली है और एक में हार। वहीं हैदराबाद ने अभी तक अपने दोनों मैच जीते हैं।
दोनों टीमों के पास युवा और अनुभव का अच्छा मिश्रण है। युवा खिलाड़ियों में मुंबई के पास नितीश राणा, क्रुणाल और हार्दिक पांड्या जैसे युवा खिलाड़ी हैं तो सनराइजर्स के पास अफगानिस्तान के युवा लेग स्पिनर गेंदबाज राशिद खान और हरफनमौला खिलाड़ी मोएजिज हेनरिक्स हैं।
कोलाकात के खिलाफ मुंबई की जीत में टीम के हर खिलाड़ी का योगदान था। क्रुणाल ने जहां अपनी गेंदबाजी से कोलकाता के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाया था तो राणा और हार्दिक ने अपने बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई थी।
मुंबई की उम्मीदें कप्तान रोहित शर्मा, केरन पोलार्ड और ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ियों से होंगी। गेंदबाजी में लसिथ मलिंगा और जसप्रीत बुमराह के होने से टीम मजबूत है। हालांकि टीम गेंदबाजी में एक बदलाव कर सकती है। न्यूजीलैंड के मिशेल मैक्लेघन की जगह उनके हमवतन टिम साउदी को अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है।
वहीं, लगातार दो जीत के बाद सनराइजर्स की टीम आत्मविश्वास से भरी है। टीम काफी संतुलित है और साथ ही उसके पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो मैच को अपने दम पर पलटने का दम रखते हैं।
बल्लेबाजी में शिखर धवन, डेविड वार्नर, युवराज सिंह, हेनरिक्स ने शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं गेंदबाजी में आशीष नेहरा, भुवनेश्वर कुमार, हेनरिक्स टीम को मजबूती प्रदान करते हैं।
टीमें :
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, जोस बटलर, श्रेयस गोपाल, कृष्णाप्पा गौतम, असेला गुणारत्ने, हरभजन सिंह, मिशेल जॉनसन, कुलवंत खेजरोलियास, सिद्देश लाड, मिशेल मैक्लेघन, लसिथ मलिंगा, हार्दिक पांड्या, पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), केरन पोलार्ड, निकोलस पूरन, दीपक पुनिया, नितीश राणा, जितेश शर्मा, कर्ण शर्मा, लेंडल सिमंस, टिम साउदी, जगदीशा सुचिता, सौरव तिवारी, और आर.विनय कुमार।
सनराइजर्स हैदराबाद :- डेविड वार्नर (कप्तान), युवराज सिंह, तन्मय अग्रवाल, रिकि भुई, बिपुल शर्मा, बेन कटिंग, शिखर धवन, एकलव्य द्विवेदी, मोएजिज हेनरिक्स, दीपक हुड्डा, क्रिस जॉर्डन, सिद्धार्थ कौल, भुवनेश्वर कुमार, बेन लाफलिन, अभिमन्यू मिथुन, मोहम्मद नबी, मोहम्मद सिराज, मुस्ताफीजुर रहमान, आशीष नेहरा, नमन ओझा, राशिद खान, विजय शंकर, बारिंदर सरन, प्रवीण तांबे, केन विलियमसन।
dharmpath.com dharmpath