नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। कोनिका मिनोल्टा ने डेसुक मोरी को भारत में अपने कारोबार का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। मोरी के पास प्रिंटिंग उद्योग में 25 सालों से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मिनोल्टा के जापान स्थित बिक्री खंड से की थी।
कंपनी की ओर से यहां जारी बयान के अनुसार, कोनिका मिनोल्टा में अपने करियर के दौरान मोरी कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं। वह चीन में सेल्स एण्ड मार्केटिंग के प्रबंधन के लिए उत्तरदायी थे, इंडोनेशिया कार्यालय में वह चीफ रीप्रेजेन्टेटिव (मुख्य प्रतिनिधि) थे, जहां उन्होंने कम्पनी की स्थिति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बयान के अनुसार, उन्होंने चीन एवं दक्षिण-पूर्वी देशों में भी कई गतिविधियों का कार्यभार संभाला, और उनके कार्यकाल के दौरान कम्पनी के कारोबार में जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई।
बयान में कहा गया है कि कोनिका मिनोल्टा के नए प्रबंध निदेशक के रूप में डेसुक मोरी भारतीय कारोबार में सामरिक संबंधों, संचालनात्मक गतिविधियों तथा समग्र नेतृत्व के लिए उत्तरदायी होंगे।
अपनी नई भूमिका के बारे में डेसुक ने कहा, “कोनिका मिनोल्टा ने भारतीय बाजार में जबरदस्त वृद्धि की है और आज देश में प्रिन्टिंग समाधान उपलब्ध कराने वाली मुख्य टेकनॉलजी कम्पनी बन चुकी है। मुझे उम्मीद है कि मेरे ज्ञान एवं विशेषज्ञता के साथ मैं कम्पनी से जुड़े विभिन्न हितधारकों जैसे कर्मचारियों, उपभोक्ताओं और साझेदारों के विकास में मदद कर सकूंगा।”
dharmpath.com dharmpath