नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया की सातवीं जूनियर राष्ट्रीय हॉकी ‘बी’ डिविजन चैम्पियनशिप (पुरुष) की शुरुआत भोपाल में 14 अप्रैल से हो रही है।
इस टूर्नामेंट के सभी मैच भोपाल के ऐशबाग स्टेडियम में खेले जाएंगे। हॉकी इंडिया ने बुधवार को इसकी घोषणा की।
टूर्नामेंट में कुल 25 टीमें हिस्सा लेंगी, जो आठ समूह में विभाजित होंगी। इसका समापन 22 अप्रैल को होगा।
टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली टीमों को ‘ए’ डिविजन टूर्नामेंट में प्रवेश मिल जाएगा। ‘बी’ डिविजन चैम्पियनशिप की मौजूदा विजेता टीम मुंबई हॉकी संघ ने पिछले साल हॉकी महाराष्ट्र को हराकार खिताब जीता था।
इस मौके पर हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, “इस साल राष्ट्रीय पुरुष जूनियर हॉकी टीम हमारे प्रमुख आयोजनों में शामिल है। इस टूर्नामेंट के जरिए भावी राष्ट्रीय टीम के निर्माण में मदद मिलेगी। भोपाल दिग्गज हॉकी खिलाड़ियों के लिए लोकप्रिय है और इसमें कोई शक नहीं है कि यह टूर्नामेंट यहां सफल होगा।”
इस टूर्नामेंट का पहला मैच हॉकी मिजोरम और केरला हॉकी के बीच खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath