नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता साकिब सलीम का कहना है कि वह खाने के बहुत शौकीन हैं और उन्हें इससे प्यार है।
मुंबई में वह अपने पिता के रेस्तरां व्यवसाय को विस्तार देने में सहयोग के लिए तैयार हैं।
साकिब ने व्यवसायिक योजना के बारे में फोन पर आईएएनएस को बताया, “पिछले पांच-छहोसलों से यह मेरे एजेंडे में शामिल रहा है, लेकिन मैं इससे टालता रहा.. लेकिन आखिरकर मैं और मेरे पिता ने एक साथ बैठकर बात की और यह फैसला किया कि हमें यह करना चाहिए और अभी करना चाहिए।”
साकिब (29) ने कहा कि योजना अभी शुरुआती चरण में है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल वह इससे जुड़ी बुनियादी बातों को समझने की कोशिश कर रहे हैं और इसके लिए एक कार्यालय भी खोलने जा रहे हैं, जिसमें थोड़ा वक्त लगेगा। अभिनेता इसे रोमांचक मानते हैं। उन्होंने कहा कि यह कुछ ऐसा है, जिससे परिवार के अधिकांश लोग जुड़े हुए हैं।
साकिब ने कहा कि इस व्यवसाय में वह और उनके पिता शामिल होंगे और इससे उन्हें अपने पिता के साथ वक्त बिताने का मौका भी मिल जाएगा।
अभिनेता ने कहा, “मुझे खाने से प्यार है..थोड़ा बनाएंगे..खाएंगे और खिलाएंगे।”
dharmpath.com dharmpath