केरल : विजयन के शासन से अच्युतानंदन नाखुश

नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। वयोवृद्ध मार्क्‍सवादी नेता वी. एस. अच्युतानंदन ने मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेतृत्व से केरल के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन के खिलाफ शिकायत की है। यह जानकारी सूत्रों ने बुधवार को दी।

पूर्व मुख्यमंत्री अच्युतानंदन केंद्रीय समिति की बैठक में भाग लेने के लिए अभी दिल्ली में है। उन्होंने विजयन के कामकाज में सुधार की मांग के साथ नेतृत्व से ‘उचित’ हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।

यह मुद्दा तब सामने आया है जब विजयन सरकार अपने कार्यकाल का एक साल पूरा करने जा रही और इस दौरान इसके मंत्रिमंडल के दो सदस्यों को इस्तीफा देना पड़ा है।

विजयन सरकार में उद्योग मंत्री ई.पी.जयराजन को भाई-भतीजावाद के आरोपों की वजह से इस्तीफा देना पड़ा था। जबकि, परिवहन मंत्री ए.के. ससींद्रन को एक ऑडियो क्लिप के सामने आने के बाद इस्तीफा देना पड़ा। इस क्लिप में ससींद्रन महिला से अश्लील बातें करते सुने जा रहे हैं।

अच्युतानंदन और विजयन में लंबे समय से विवाद रहा है। जब अच्युतानंदन मुख्यमंत्री थे तो विजयन ने उनकी सरकार के खिलाफ शिकायत की थी।

इस बीच, दिल्ली में बुधवार को केंद्रीय समिति की बैठक में जयराजन और लोकसभा सांसद पी. के. श्रीमथि को भाई-भतीजावाद के आरोपों पर चेतावनी देने का निर्णय किया गया।

जयराजन ने श्रीमथि के बेटे को एक सरकारी उपक्रम में शीर्ष पद देने का मामला सामने आने के बाद इस्तीफा दिया। जयराजन ने इस पद पर योग्य उम्मीदवारों की अनदेखी कर श्रीमथि के बेटे को पद दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493