हिमंता बिस्वा बने भारतीय बैडमिटन संघ के अंतरिम अध्यक्ष

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के नेता और असम बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष हिमंता बिस्वा सरमा को रविवार को भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) का अंतरिम अध्यक्ष चुना गया।

अखिलेश दास गुप्ता के निधन के बाद यह पद खाली हुआ है। बीएआई के महासचिव अनूप नारंग ने रविवार को बिस्वा को अंतरिम अध्यक्ष बनाए जाने की आधिकारिक घोषणा की।

नारंग ने कहा, “बिस्वा को निर्विरोध तौर पर बीएआई का अंतरिम अध्यक्ष चुना गया है। साल 2018 में संघ के चुनाव होने हैं और बिस्वा तब तक संघ का मार्गदर्शन करेंगे। सबने यह माना है कि बिस्वा की देखरेख में भारतीय बैडमिंटन सही दिशा में बढ़ेगा।”

रविवार को आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में बिस्वा को नई जिम्मेदारी सौंपी गई। बिस्वा को विशेष अतिथि के तौर पर इस बैठक के लिए बुलाया गया लेकिन जब उनके नाम पर सर्वसम्मति बनी तो उन्हें वरिष्ठ उपाध्यक्ष के तौर पर बीएआई में शामिल करते हुए अंतरिम अध्यक्ष चुन लिया गया।

बीते सप्ताह उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष चुने गए अखिलेश दास गुप्ता के बेटे विराज दास गुप्ता को बीएआई की कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के तौर पर शामिल किया गया।

इसी बैठक में यह फैसला लिया गया कि देश में बैडमिंटन के सबसे बड़े टूर्नामेंट-इंडिया ओपन का नाम बदलकर अब अखिलेश दास गुप्ता वर्ल्ड सुपर सीरीज टूर्नामेंट हो जाएगा। नारंग ने कहा कि यह दास गुप्ता की बैडमिंटन की सेवा के बदले एक छोटी सी भेंट है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493