शतरंज : रेक्जाविक ओपन में हरिका की शानदार वापसी

रेक्जाविक, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय ग्रैंड मास्टर हरिका द्रोणावल्ली ने रेक्जाविक ओपन के पांचवें दौर में मिली हार के बाद शानदार वापसी करते हुए छठे दौर में जीत हासिल की है।

उन्होंने अपने इस मुकाबले में स्थानीय फिडे मास्टर 14 वर्षीय विग्निर वाटनार स्टेफैनसन को मात दी।

गुंटुर की रहने वाली हरिका ने सफेद मोहरों से खेलते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ खेल खेला। उन्होंने फ्रेंच डिफेंस से बाजी की शुरुआत की और कम अनुभव वाले अपने विपक्षी पर दबाव बना लिया और धीरे-धीरे उन्हें मैच से बाहर कर दिया।

मैच के बाद हरिका ने कहा, “मैंने शुरुआत में ही अपना वजीर गंवाते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी का वजीर बिसात से बाहर करने का फैसला लिया। अनुभव की कमी के कारण मेरे विपक्षी ने गलतियां कीं। मैंने तुरंत इसका फायदा उठाया और जीत हासिल की।”

अभी इस टूर्नामेंट में चार दौर का खेल और बाकी है। हरिका इस समय 28वें स्थान पर हैं। हालांकि दिलचस्प बात यह है कि वह शीर्ष स्थान पर काबिज तुर्की के ग्रैंड मास्टर केन इम्रे से सिर्फ आधा अंक पीछे हैं।

अगले दौर में वह मंगोलिया के तुवशिनटुग्स बाटचिमेग से भिड़ेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493