रियो डी जनेरियो, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। ब्राजील के फुटबाल खिलाड़ी निल्टन ने अगले साल तक स्वदेश लौटने की इच्छा जाहिर की है।
हालांकि, निल्टन का कहना है कि वह जापान के क्लब विसेल कोबे के साथ कोई भी खिताब जीते बिना ऐसा नहीं कर सकते।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, 30 वर्षीय निल्टन पिछले साल ब्राजीलियाई क्लब इंटरनासियोनाल छोड़कर विसेल कोबे से जुड़े और उनका करार जे-लीग क्लब के साथ 2018 के मध्य तक रहेगा।
ब्राजीलियाई समाचार-पत्र ‘लांस’ की रिपोर्ट के अनुसार, निल्टन ने हाल ही में दिए एक बयान में कहा है कि उनके लिए ब्राजील के लोगों का समर्थन सर्वाधिक महत्व रखता है।
निल्टन ने कहा, “मैंने क्रुजेरियो, इंटरनासियोनाल, वास्को और कोरिंथियंस के प्रशंसकों को मुझसे वापस आने के लिए कहते सुना है। कोई नहीं जानता कि क्या होगा? कौन जाने? मेरे लिए यह सम्मान की बात होगी कि मैं इनमें से किसी एक क्लब के लिए भी इतिहास बनाऊं। मैंने इन सभी क्लबों के साथ खिताब जीते हैं और मैं जानता हूं कि मेरी वापसी के लिए दरवाजे हमेशा से खुले हैं।”
निल्टन ब्राजील की अंडर-20 टीम के लिए खेल चुके हैं और उनका कहना है कि वह आशावादी हैं कि वह अगले साल होने वाले विश्व कप टूर्नामेंट के लिए ब्राजील की राष्ट्रीय टीम में जगह बना पाएंगे।
dharmpath.com dharmpath