पेरिस, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। फ्रांस के राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में दूसरे स्थान पर चल रहीं धुर दक्षिणपंथी उम्मीदवार मरीन ले पेन का कहना है कि वह पार्टी के प्रमुख पद से इस्तीफा दे देने जा रही हैं।
पेन ने कहा कि वह सात मई को होने वाले अंतिम दौर के चुनाव से पहले बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन हासिल करने के लिए पद से इस्तीफा दे रही हैं।
पेन का यह कदम राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे दौर में पेन के पहुंचने के बाद आया है। दूसरे दौर का मुकाबला सात मई को होगा, जिसमें पेन और उदारवादी मध्यमार्गी इमैन्युएल मैक्रों आमने-सामने होंगे।
पहले दौर के मतदान में मध्यमार्गी इमैन्युएल मैक्रों को 23.9 फीसदी, जबकि ले पेन को 21.4 फीसदी वोट मिले।
ले पेन ने सोमवार रात फ्रेंच टीवी को बताया कि उन्हें पार्टीगत विचारों से ऊपर उठने की जरूरत है।
पेन ने सोमवार को ‘फ्रांस 2’ टेलीविजन को बताया, “मैंने हमेशा यह सोचा है कि फ्रांस का राष्ट्रपति फ्रांस के सभी लोगों का राष्ट्रपति होता है और उस पर पूरे देश को जोड़ने की जिम्मेदारी होती है, लेकिन कथनी को करनी में बदलने की भी जरूरत है।
पेन ने कहा, “मैंने नेशनल फ्रंट की अध्यक्षता छोड़ने का फैसला किया है। अब मैं पार्टी की अध्यक्ष नहीं रहूंगी। मैं दलगत सोच से ऊपर रहूंगी।”
उन्होंने कहा, “हम वे लोग हैं जो लोकतंत्र को परिभाषित करते हैं। मेरी गतिविधियां लोगों के लिए खिलाफ नहीं होगी। सिर्फ मैं ही देश की सुरक्षा की गारंटी दे सकती हूं।”
पहले दौर के मतदान के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने मतदाताओं से मैक्रों को वोट देने की अपील की।
ओलांद ने राष्ट्रपति कार्यालय से अपने संबोधन में कहा कि ला पेन के देश को यूरो से निकालने की कोशिश से देश बर्बाद हो जाएगा।
गौरतलब है कि मैक्रों 2012 से 2014 के दौरान आर्थिक मामलों पर ओलांद के शीर्ष सलाहकार रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath