स्टटगार्ट, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पोर्शे ग्रां प्री टूर्नामेंट में दिग्गज महिला टेनिस खिलाड़ी मारिया शारापोवा के वाइल्ड कार्ड प्रवेश पर उनकी पहली प्रतिद्वंद्वी रोबर्टा विंसी ने आपत्ति जताते हुए इसे असम्मानजनक करार दिया।
उल्लेखनीय है कि शारापोवा 15 माह के प्रतिबंध के बाद पहली बार टेनिस कोर्ट में वापसी कर रही हैं और पोर्शे ग्रां.प्री टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग में बुधवार को उनका सामना पहले दौर में विंसी से होगा।
इस मैच से पहले ही विंसी ने उन्हें इस टूर्नामेंट में वाइल्ड कार्ड से प्रवेश मिलने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले पूर्व शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी कैरोलिन वोजनियास्की ने भी इसे असम्मानजनक कहा था।
एक बयान में विंसी ने कहा, “मैं इस टूर्नामेंट में, रोम और अन्य किसी टूर्नामेंट में वाइल्ड कार्ड से प्रवेश मिलने पर सहमत नहीं हूं।”
विंसी ने कहा, “उन्होंने गलती की और उसका हरजाना भी भुगता और मुझे लगता है कि वह टेनिस में वापसी कर सकती हैं, लेकिन बिना वाइल्ड कार्ड के।”
पांच बार की ग्रैंड स्लैम विजेता शारापोवा पर प्रतिबंधित दवा ‘मेल्डोनियम’ के इस्तेमाल को लेकर दो साल का प्रतिबंध लगाया गया था। लेकिन, खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) ने उन पर लगे प्रतिबंध की अवधि बाद में घटा कर 15 माह कर दी थी।
dharmpath.com dharmpath