चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए वुड की इंग्लैंड टीम में वापसी (लीड-1)

लंदन, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। तेज गेंदबाज मार्क वुड जून में होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए इंग्लैंड की टीम में जगह बनाने में सफल हुए हैं।

इसके अलावा उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की श्रृंखला और अगले महीने आयरलैंड के खिलाफ होने वाली दो एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के लिए भी टीम में चुना गया है।

इस साल एक जून से शुरू हो रही चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में इंग्लैंड का पहला मुकाबला बांग्लादेश से होगा।

इस टूर्नामेंट के लिए टीम में जगह पाने वाले वुड पिछले छह महीने से टखने की चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे थे। उन्होंने अपना पिछला अंतर्राष्ट्रीय मैच सितम्बर, 2016 में खेला था।

चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट से पहले इंग्लैंड की टीम मई में आयरलैंड के खिलाफ दो एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला खेलेगी।

स्टीवन फिन चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए टीम में जगह नहीं बना पाए हैं। उनकी जगह जैक बॉल को तरजीह दी गई है। मार्च में हुए वेस्टइंडीज दौरे पर चोट के कारण बाहर हुए बाएं हाथ के गेंदबाज डेविड विले की टीम में वापसी हुई है। फिन को हालांकि आयरलैंड के खिलाफ होने वाली श्रृंखला के लिए टीम में चुना गया है।

राष्ट्रीय चयनकर्ता जेम्स व्हीटेकर ने कहा “हमने एकदिवसीय क्रिकेट में पिछले 18 महीनों से अच्छा प्रदर्शन किया है। मार्क वुड और डेविड विले का फिट होना हमारे लिए अच्छी बात है। यह दोनों हमारे गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती और विविधता प्रदान करेंगे। डेविड एक आक्रामक बल्लेबाज भी हैं जो हमारे लिए फायदेमंद साबित होगा।”

चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए टीम : इयोन मोर्गन (कप्तान), मोइन अली, जॉनी बेयरस्टो, जैक बॉल, सैम बिलिंग्स, जोस बटलर, एलेक्स हेल्स, लियाम प्लंकेट, आदिल राशिद, जोए रूट, जेसन रॉय, बेन स्टोक्स, डेविड विले, क्रिस वोक्स, मार्क वुड।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493