मुंबई, 8 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर का कहना है कि उन्होंने लेखक चेतन भगत के उपन्यास को कभी नहीं पढ़ा, सिर्फ अपने निर्देशकों के निर्देशों का पालन किया है। अर्जुन कपूर, चेतन भगत के उपन्यास पर आधारित दो फिल्मों का हिस्सा रहे हैं।
अर्जुन कपूर ‘2 स्टेट्स’ में काम कर चुके हैं। वह आगामी फिल्म ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ में दिखाई देंगे। ये दोनों फिल्में चेतन भगत के उपन्यास पर आधारित हैं।
अर्जुन ने आईएएनएस से कहा, “मैंने जीवन में चेतन भगत की किताब कभी नहीं पढ़ी। लेकिन, मैंने उनके दो उपन्यासों पर आधारित फिल्मों में काम किया है। मेरा मानना है कि इनमें काम करने में मुझे कोई दिक्कत नहीं हुई क्योंकि मेरे किसी निर्देशक ने मुझे किताब पढ़ने का सुझाव नहीं दिया। पटकथा से मुझे चरित्र को समझने में काफी मदद मिली।”
फिल्म ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ का निर्माण एकता कपूर ने किया है। इस फिल्म में अभिनेत्री श्रद्धा कपूर भी प्रमुख भूमिका में हैं। फिल्म 19 मई को रिलीज होनी है।
dharmpath.com dharmpath