भारत में पहला संगीत कार्यक्रम पेश करने मुंबई पहुंचे बीबर (लीड-2)

मुंबई, 10 मई (आईएएनएस)। ग्रैमी अवार्ड विजेता कनाडा के पॉप गायक जस्टिन बीबर बुधवार तड़के कड़ी सुरक्षा के बीच भारत में अपना पहला संगीत कार्यक्रम पेश करने के लिए मुंबई पहुंचे। यह कार्यक्रम उनके परपज वल्र्ड टूर का हिस्सा है।

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर भारी संख्या में प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।

अभिनेता सलमान खान के अंगरक्षक शेरा के नेतृत्व में कड़ी सुरक्षा के बीच बीबर हवाईअड्डे से बाहर निकले।

वह अपनी टीम के साथ चार्टर्ड विमान से यहां पहुंचे। उन्होंने गुलाबी रंग के पुलोवर और काले रंग के शॉट्स पहन रखे थे। उन्हें जेड-प्लस श्रेणी की कड़ी सुरक्षा में दक्षिणी मुंबई के सेंट रेजिस होटल ले जाया गया।

बीबर की एक झलक पाने के लिए मुंबई हवाईअड्डे के बाहर भारी संख्या में मीडियाकर्मी और प्रशंसक मौजूद थे। हालांकि अधिकांश लोगों को निराशा हाथ लगी।

इससे पहले अटकलें थीं कि बीबर यहां आठ मई को पहुंचेंगे, लेकिन मंगलवार को उन्होंने खुद ट्वीट कर बताया कि वह दुबई में अपने कार्यक्रम के बाद भारत पहुचेंगे।

दुबई में उनका कार्यक्रम छह मई को था। वहां धमाकेदार प्रस्तुति के बाद अब गायक नवी मुंबई में बुधवार शाम को प्रस्तुति देने वाले हैं।

नवी मुंबई के डी. वाई. पाटिल स्टेडियम में कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार अपराह्न से ही हो जाएगी, जिसमें उनके हेलीकॉप्टर से पहुंचने की संभावना है। मंच पर पहले भारतीय डीजे और उसके बाद नार्वे के डीजे एलन वॉकर की प्रस्तुति होगी।

व्हाइट फॉक्स इंडिया के टूर आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए 45,000 सीटों की टिकटें बिक चुकी हैं। कार्यक्रम स्थल अपराह्न तीन बजे खुलेगा और रात आठ बजे बीबर के प्रस्तुति देने की उम्मीद है।

नवी मुंबई पुलिस ने बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था की है। कार्यक्रम स्थल की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और वहां आपातकालीन प्रबंधन के मद्देनजर लगभग 500 पुलसिकर्मियों और 25 अधिकारियों की तौनती की गई है।

अपने इस टूर के दौरान बीबर अपने चौथे एल्बम ‘परपज’ का प्रचार करेंगे। कार्यक्रम के टिकट 5,000 रुपये से अधिक में बिके हैं।

उन्हें भारत के 29 राज्यों का प्रतिनधित्व करने वाला भोजन परोसा जाएगा। बीबर के काफिले में 10 शानदार सेडान कार और दो वोल्वो बसों को शामिल किया गया है।

उनके लिए रॉल्स रॉयस कार आरक्षित की गई है। पांच सितारा होटल के जिस सुइट में बीबर रहेंगे, उसे भारतीय शैली में सजाया गया है।

कई भारतीय डिजाइनरों ने उनके लिए शानदार स्मृति चिन्ह तैयार किए हैं। गायक की मां भी इस दौरे में उनके साथ हैं। दोनों दिल्ली, आगरा और जयपुर भी जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493