चोला ने हडको के साथ की साझेदारी

नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। मुरुगप्पा ग्रुप की वित्तीय सेवा शाखा चोला (चोलामंडलम इन्वेस्टमेन्ट एण्ड फाइनेन्स कंपनी लिमिटेड) ने किफायती आवास एवं शहरी विकास के लिए तकनीकी-वित्तीय समाधान उपलब्ध कराने हेतु सरकारी निगम हडको (हाउसिंग एंड अरबन हाउसिंग डेवलपमेन्ट कोरपोरेशन लिमिटेड) के साथ सामरिक साझेदारी का बुधवार को एलान किया है।

इस साझेदारी के तहत चोला उपभोक्ताओं के लिए क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी स्कीम (सीएलएसएस) के फायदों को पहुंचाएगी, जो प्रधानमंत्री आवास योजना (अरबन हाउसिंग) का एक भाग है। भारत सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप चोला स्व-रोजगार करने वाले गैर-पेशेवर उपभोक्ताओं को आवास ऋण की सुविधाएं उपलब्ध कराता रहा है। ऐसे में यह साझेदारी पहली बार घर खरीदने वाले उपभोक्ताओं को उनके सपनों का घर खरीदने में मदद करेगी तथा इस क्षेत्र में चोला की स्थिति को और अधिक सशक्त बनाएगी।

चोला के प्रबन्ध निदेशक वेलेयन सुबिया ने बताया, “किफ़ायती आवास में मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतराल है। छोटे उद्यमियों को पर्याप्त मात्रा में ऋण सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाती। हडको के साथ हमारी यह साझेदारी इस खंड को प्रोत्साहित करेगी तथा ईडब्ल्यूएस (आर्थिक ²ष्टि से कमजोर वर्ग) एवं एलआईजी (कम आय वर्ग) वर्ग के लोगों को अपना खुद का घर खरीदने में मदद करेगी। यह साझेदारी हमें सीएलएसएस योजना के फायदों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में सहायता करेगी और क्रेडिट सुविधाओं से वंचित उपभोक्ताओं को ऋण उपलब्ध कराकर बेहतर जीवन में प्रवेश करने में सक्षम बनाएगी।”

हडको की चेन्नई क्षेत्रीय कार्यालय की कार्यकारी निदेशक रेखा वी सारथी ने कहा, “हडको तथा चोला के बीच यह समझौता ज्ञापन (एमओयू) आवास ऋण बाजार में नई शुरुआत है। यह साझेदारी समाज के सबसे वंचित एवं जरूरतमंद समुदायों को आवास ऋण पाने में सक्षम बनाएगी तथा भारत सरकार के ‘सबके लिए आवास’ के सपने को साकार करने में योगदान देगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493