सीनेट समिति के समक्ष मंगलवार को बयान देंगे कोमे

वाशिंगटन, 11 मई (आईएएनएस)। एफबीआई के निदेशक पद से हटाए गए जेम्स कोमे को अगले मंगलवार सीनेट इंटेलीजेंस कमेटी के समक्ष एक बंद सत्र में बयान देने के लिए कहा गया है।

पोलिटिको की बुधवार रिपोर्ट के मुताबिक, इस सत्र में पहली बार कोमे अपनी बर्खास्तगी के बारे में अपना पक्ष रखेंगे और बंद कमरे में सीनेट सदस्यों को राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप और रूस एवं ट्रंप की मुहिम के बीच सांठगांठ के आरोपों को लेकर एफबीआई की जांच के बारे में बयान देंगे।

समिति के अध्यक्ष रिचर्ड बर और शीर्ष डेमोक्रेट मार्क वॉर्नर ने कोमे को बयान देने के लिए आमंत्रित किया है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अचानक कोमे को एफबीआई निदेशक के पद से हटाकर सभी को हैरान कर दिया। कोमे पिछले साल राष्ट्रपति चुनाव के दौरान हस्तक्षेप करने को लेकर डेमोक्रेट्सकी आलोचनाएं झेल रहे थे। वह ट्रंप के चुनाव अभियान के तार रूस से जुड़े होने के मामले की जांच कर रहे थे। बताया जाता है कि जांच अपने मध्य चरण में है।

डेमोकेट्र्स राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की जीत और अपनी उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन की हार के लिए कोमे की जांच को जिम्मेदार मानते हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी ने कोमे की बर्खास्तगी के बाद ट्रंप के चुनाव प्रचार अभियान की जांच स्वतंत्र जांचकर्ता से कराए जाने की मांग की है।

ट्रंप ने कोमे की बर्खास्तगी के पत्र में लिखा कि वह हिलेरी के ईमेल सर्वर संबंधी एफबीआई की जांच में कोमे के नेतृत्व को लेकर उन्हें पद से हटा रहे हैं और उन्होंने एटॉर्नी जनरल जेफ सेशन्स और डिप्टी एटॉर्नी जनरल रॉड रोसेंस्टेन की अनुशंसा पर ऐसा किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493