नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने फ्रांस का राष्ट्रपति चुनाव जीतने वाले मध्यमार्गी नेता इमानुएल मैक्रों को बधाई देते हुए कहा कि भारत द्विपक्षीय संबंधों के प्रगाढ़ होने की कामना करता है।
गुरुवार को जारी एक बयान के मुताबिक राष्ट्रपति ने कहा, “फ्रांस के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने पर मैं आपको हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”
उन्होंने कहा, “फ्रांस के लोगों ने आपके पक्ष में निर्णायक जनादेश देकर आपके नेतृत्व व दृष्टिकोण में अपना भरोसा जताया है।”
प्रणब मुखर्जी ने कहा कि मैक्रों की नई सरकार में भारत, फ्रांस के साथ अपने संबंधों के और प्रगाढ़ होने की कामना करता है।
उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक मित्रता, परस्पर विश्वास आने वाले समय में और मजबूत होंगे।”
रविवार को राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतकर मैक्रों फ्रांस के नए राष्ट्रपति बने। उन्होंने धुर दक्षिणपंथी मरीन ली पेन को हराया।
dharmpath.com dharmpath