‘लव सोनिया’ के प्रचार के लिए भारत आ सकती हैं डेमी मूर

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेत्री डेमी मूर भारतीय-अमेरिकी फिल्म ‘लव सोनिया’ के प्रचार के लिए भारत का दौरा कर सकती हैं। निर्देशक तबरेज नूरानी ने यह जानकारी दी।

निर्देशक ने कहा कि डेविड वोमार्क के प्रोडक्शन में बनी फिल्म में मूर की भूमिका छोटी है, लेकिन वह इसे लेकर उत्साहित हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या मूर फिल्म के प्रचार के लिए भारत आएंगी, नूरानी ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस से कहा, “अभी इस बारे में कुछ पता नहीं है, लेकिन संभावना है कि वह आ सकती हैं।”

‘लव सोनिया’ में दुनिया भर में मानव तस्करी की क्रूर वास्तविकताओं को दर्शाया गया है। फिल्म में मृणाल ठाकुर, ऋचा चड्डा, अनुपम खेर और फ्रीडा पिंटो प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

नूरानी मुंबई में ‘लव सोनिया’ के पोस्ट प्रोडक्शन के काम में व्यस्त हैं। फिल्म का पूरा काम समाप्त होने के बाद रिलीज की तारीख जल्द तय की जाएगी।

मूर इस फिल्म से कैसे जुड़ीं, इस सवाल पर नूरानी ने कहा कि वह अपने एनजीओ थोर्न की वजह से फिल्म की तरफ आकर्षित हुईं। यह एनजीओ यौन गुलामी और मानव तस्करी को समाप्त करने का काम करता है।

उन्होंने कहा, “डेमी का अपना एनजीओ है, वे प्रौद्योगिकी का उपयोग कर मानव तस्करी के खिलाफ लड़ते हैं। इसलिए वह इस परियोजना पर काम करना चाहती थीं। इसमें बहुत छोटी भूमिका है लेकिन वह इसके लिए खुश हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493