इस्लामाबाद, 12 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बम विस्फोट में कम से कम 25 लोग मारे गए हैं जबकि पाकिस्तान की संसद के सदन सीनेट के उपसभापति समेत 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार यह विस्फोट क्वेटा से 90 किलोमीटर दूर मस्तंग क्षेत्र में सीनेट के उप सभापति अब्दुल गफूर हैदरी के काफिले के पास हुआ। हैदरी का काफिला एक मस्जिद से लौट रहा था। घटना में कम से कम 35 लोग घायल हुए हैं।
मस्तंग के पुलिस अधिकारी गजनफर अली ने कहा कि विस्फोट में हैदरी का वाहन पूरी तरह से नष्ट हो गया है और उनके वाहन के चालक और व्यक्तिगत सहायक मारे गए हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि हैदरी को क्वेटा के कंबाइंड मिलिट्री हास्पिटल में भर्ती कराया गया है।
मस्तंग में जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि 25 शवों को क्वेटा के दो अस्पतालों में लाया गया है।
घायल हैदरी ने कहा कि विस्फोट बहुत ही शक्तिशाली था और वह लोगों की मौत से बेहद दुखी हैं।
सुरक्षा बलों ने घटनाग्रस्त क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि उपसभापति हैदरी जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम फज्ल (जेयूआई-एफ) पार्टी से नाता रखते हैं और जो घायल हुए हैं या जिनकी मौत हुई है, उनमें से ज्यादातर जेयूआई-एफ के कार्यकर्ता हैं।
जेयूआई-एफ के नेता मौलाना अब्दुल मलिक ने हमले की निंदा की और कहा कि हैदरी ने एक बुलेटप्रूफ वाहन की मांग की थी जिसे उन्हें नहीं दिया गया।
प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने बम विस्फोट की निंदा की है और हैदरी के जल्द ठीक होने की कामना की है।
सीनेट के सभापति रजा रब्बानी और आंतरिक मामलों के मंत्री चौधरी निसार अली खान ने भी हमले की निंदा की है। रब्बानी ने कहा कि आतंकी अपने इस कायराना हमले से देश को आतंक के खिलाफ संकल्प से भटका नहीं सकते।
रेडियो पाकिस्तान की वेबसाइट के अनुसार रब्बानी ने इस हमले को आत्मघाती हमला बताया।
लेकिन, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि यह आत्मघाती हमला था या सड़क किनारे बम में विस्फोट हुआ है।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने भी हमले की निंदा की और लोगों की रक्षा के लिए सरकार द्वारा देश से आतंकी सफाये के संकल्प को दोहराया।
dharmpath.com dharmpath